panchayattantra24.-अंबिकापुर। सरगुजा संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में मानव तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा हुआ है। अंतरराज्यीय बस स्टैंड पर की गई कार्रवाई में झारखंड से आई एक बस से 16 युवतियों समेत कुल 20 लोगों को रेस्क्यू किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि, इन सभी को बेहतर नौकरी और अधिक वेतन का लालच देकर कर्नाटक ले जाया जा रहा था। सूचना मिलते ही जिला बाल संरक्षण इकाई और सामाजिक संगठन एमएसवीपी (MSVP) की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संदिग्ध मानव तस्करी की इस कोशिश को विफल कर दिया।
रेस्क्यू किए गए सभी लोगों को सुरक्षित स्थान पर रखकर उनकी काउंसलिंग की जा रही है। अधिकारियों द्वारा उनसे पूछताछ कर पूरे मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं पुलिस मानव तस्करी गिरोह के सरगना और इसमें शामिल अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है। महिला एवं बाल विकास विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम मामले की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि, जांच पूरी होने के बाद मानव तस्करी नेटवर्क से जुड़े लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराध के खिलाफ प्रशासन की सतर्कता और सक्रियता का बड़ा उदाहरण मानी जा रही है।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.