
panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी पीएल पुनिया तीन दिवसीय दौरे पर रायपुर पहुंच गए हैं. एयरपोर्ट पर मीडिया से चर्चा करते हुए पुनिया ने कहा कि किसानों के चक्का जाम को कांग्रेस का पूरा समर्थन है. शनिवार से छत्तीसगढ़ के सभी नेशनल हाईवे को किसानों के समर्थन में चक्काजाम किया जाएगा. इसके बाद किसान दिल्ली कूच करेंगे।
कांग्रेस प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया ने कहा कि किसानों को कांग्रेस का समर्थन है. 6 जनवरी को 12 बजे से 3 बजे तक चक्का जाम किया जाएगा. प्रधानमंत्री को तीनों किसान विरोधी कानून को वापस लेने के लिए जल्द निर्णय लेना चाहिए. जिनके लिए कानून लाए गए हैं, वही उससे नाराज हैं. इसलिए कृषि कानूनों को रद्द करने की मांग की जा रही है।
तीनों कृषि कानूनों के विरोध में 6 फरवरी को पूरे भारत में सभी नेशनल हाईवे और राजमार्ग को 12 से 3 बजे तक चक्का जाम किया जाएगा. इसी कड़ी में आरंग के निकट रसनी के पुराना टोल प्लाजा के पास रायपुर जिले के किसान नेशनल हाईवे-53 में चक्काजाम करेंगे. छत्तीसगढ़ किसान मजदूर महासंघ के बैनर तले सभी किसान संगठन इकठ्ठा होंगे. किसान नेता पारसनाथ साहू ने कहा कि आंदोलन पूर्णता शांतिप्रद रहेगा. किसान नेताओं ने समस्त क्षेत्रवासियों से अपील किया है कि अपने हक की लड़ाई में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर कृषि और किसान को बचाने में सहयोग प्रदान करें।
साहू ने कहा कि तीनों कृषि बिल की वापसी और समर्थन मूल्य में खरीदी को कानूनी गारंटी देने की मांग पर दिल्ली सहित पूरे भारत के किसान आंदोलनरत हैं. 72 दिन बीत जाने के बाद भी कड़कड़ाती ठंड में किसान दिल्ली पर जमे हुए हैं. जायज मांग को अनसुना करते हुए केंद्र सरकार अन्नदाता को नासमझ आतंकवादी खालिस्तानी करार दे रहा है. इसी का जवाब देने पूरे भारत के किसान सड़कों पर उतर रहे हैं. छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में चक्का जाम किया जाएगा।
