
panchayattantra24.com,बलौदाबाजार। जिले को तम्बाकू मुक्त बनाने को लेकर राज्य तम्बाकू नियंत्रण पर कलेक्टर कार्यालय में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया. जिलाधीश सुनील कुमार जैन ने कहा कि बच्चे घर से तम्बाकू और अन्य मादक पदार्थों का सेवन करना नहीं सीखते, वो घर के बाहर सामाजिक परिवेश में सीखते है. इसे रोकने की आवश्यकता है और हम इसे स्कूल स्तर से ही प्रारंभ करेंगे. स्कूल व अन्य शासकीय भवनों से 100 मीटर की दूरी में तम्बाकू व अन्य मादक पदार्थों की बिक्री करने वालो पर कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही शासकीय कार्यालयों में भी इसके सेवन पर प्रतिबंध लगाया जाएगा. जुर्माना भी तय कर बलौदाबाजार जिले को तम्बाकू मुक्त जिला बनायेंगे और इसके सामाजिक जागरूकता बहुत जरूरी होगी. जिसमें हम समाज के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, एनसीसी, एनएसएस के छात्रों से सहयोग लेकर जागरूकता अभियान चलाएंगे।
राज्य तम्बाकू नियंत्रण कार्यालय से आए नोडल अधिकारी डॉ. कमलेश जैन ने बताया कि तम्बाकू स्वस्थ जीवन के लिए बहुत ही खतरनाक है. कैंसर का खतरा होता है और यह विकराल होता जा रहा है. जिसे रोकना अति आवश्यक है. यह सब आप सभी के सहयोग से संभव हो पाएगा. इस अवसर पर बलौदाबाजार स्वास्थ्य विभाग द्वारा तम्बाकू छोड़ने वालों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।
