पूर्व सीएम रमन सिंह ने छत्तीसगढ़ सरकार पर जमकर हमला बोला
panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ में कोरोना को लेकर विपक्ष सरकार पर लगातार हमलावर है. कोरोना के मद्देनजर सरकार की तरह ही विपक्ष भी चिंतित नजर आ रहा है. इसी के तहत छत्तीसगढ़ बीजेपी नेताओं ने कोरोना के मसले को लेकर राज्यपाल अनुसुइया उइके से मुलाकात की. इस दौरान बीजेपी नेताओं की कोरोना के बढ़ते केसेस को लेकर कई चर्चाएं हुई. मीडिया से बात करते हुए पूर्व सीएम रमन सिंह ने छत्तीसगढ़ सरकार पर जमकर हमला बोला है
इस दौरान रमन सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ की स्थिति और कोविड-19 का असर शहरी और ग्रामीण इलाकों में फैला है. मौत का सिलसिला जारी है. छत्तीसगढ़ भय में डूबा है. सरकार की वजह से कोई जानकारी नहीं आती. कोविड का दूसरा दौर चल रहा है, लेकिन आज तक विपक्ष को भी अधिकृत रूप से जानकारी देने वाला कोई नहीं है. डेड बॉडी भी परिजनों को नहीं दी जा रही है. सरकार आदेश जारी कर कहती है कि ढाई हजार रुपये देने के बाद डेड बॉडी परिजनों को दी जाएगी. क्या सरकार की ये मानवता है
सरकार के पास 400 करोड़ रुपये जमा
रमन सिंह ने कहा कि पांच-पांच दिन में दाह संस्कार हो रहा है. कोविड के नाम से सरकार के पास 400 करोड़ रुपये जमा हैं. शराब में दस रुपये सेस लिया गया, लेकिन उसमें से कितना खर्च किया गया?. सरकार विपक्ष और जनता को बताए कि ये पैसा कहां गया?. कोविड के फेस वन में जो नर्सिंग और पैरा मेडिकल स्टाफ रखा गया था, उन सबको हटा दिया.
रमन सिंह की बिंदुवार बड़ी बातें-
क्या सरकार इनकी नियुक्ति जल्द कर सकती है?
रेमडेसिविर इंजेक्शन की व्यवस्था सरकार नही कर पा रही है.
इतने देरी से राजनीतिक दलों के साथ बैठक की बात की जा रही है.
केंद्र ने जो वेंटिलेटर दिया है उसके खराब होने की जानकारी सरकार तब दे रही है, जब सोनिया गांधी के साथ बैठक हो रही है.
सरकार के पास पैसा है. हम मांग करते हैं कि अन्य राज्यों की तरह शत प्रतिशत इलाज मुफ्त सरकार करें.
छत्तीसगढ़ जब संकट में था तब सरकार असम चुनाव में व्यस्त थी.
गरीब आदमी मर रहा है लेकिन उसकी सुध लेने वाला कोई नहीं.
अस्पतालों के बाहर मरीज बैठे बैठे आक्सीजन ले रहा है.
पूरे राज्य की स्थिति बद से बदतर होती जा रही है.
सरकार ने कितने वेंटिलेटर की व्यवस्था की है?
कितने ऑक्सीजन बेड की व्यवस्था की गई?
कोविड का दूसरा दौर बेहद भयावह है.
कोविड मरीजों के लिए कितने बेड बढ़ाए गए?
सरकार आदेश जारी करती है कि निजी चिकित्सक कोविड 19 संक्रमण से पीड़ित मरीज स्वयं के खर्च से इलाज कराएगा.
दूसरी तरफ सरकार कहती है कि आयुष्मान भारत से इलाज होगा.
