
panchayattantra24.com, रायपुर। खाद्यमंत्री अमरजीत भगत के साथ आज इंडिया सेंटर फाउंडेशन के चेयरमैन विभवकांत उपाध्याय ने बैठक की. इस बैठक में छत्तीसगढ़ के सरप्लस धान का इस्तेमाल किस प्रकार किया जाए, इस पर चर्चा की गई. बैठक में इस संबंध में सहमति बनी कि हर साल कार्ययोजना बनाकर सरप्लस धान का इस्तेमाल किया जाएगा. वहीं इस निर्णय को शीघ्र ही अमल में लाने की संभावना है।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में इस वर्ष सबसे ज्यादा धान खरीदी की गई थी. प्रदेश के लगभग 19 लाख किसानों ने 93 लाख मीट्रिक टन से भी ज्यादा धान समर्थन मूल्य पर बेचा था. केंद्र सरकार ने पहले सरप्लस धान खरीदने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार को सैद्धांतिक मंज़ूरी दी थी. इसके बाद छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा किसानों को राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत सहायता राशि दी गई. जिसके बाद केंद्र सरकार ने अतिरिक्त धान लेने से मना कर दिया।
बता दें कि इस साल अतिशेष धान का निपटारा नीलामी प्रक्रिया द्वारा किया जा रहा है. आगे इस तरह की समस्या न आए और किसानों को लाभ मिलता रहे, इसलिए कार्ययोजना बनाए जाने की ज़रूरत है. इसी बात को दृष्टिगत रखते हुए इंडिया सेंटर फाउंडेशन के साथ छत्तीसगढ़ के कैबिनेट मंत्री की बैठक हुई।
बैठक में इंडिया सेंटर फाउंडेशन के चेयरमैन विभवकांत उपाध्याय के साथ, प्रबंध न्यासी संकल्प शुक्ला, इस पहल की संचालक प्रियंका मैनाली, मंडल सदस्य नितिन नंदा एवं अन्य सदस्य शामिल हुए।
