4panchayattantra24.com,रायपुर। बाहर से आने वाले हवाई यात्रियों के लिए मंगलवार चार मई से नए नियम लागू होने जा रहे हैं। इसके तहत बाहर से आने वाला हवाई यात्री को आरटीपीसीआर निगेटिव रिपोर्ट के बगैर स्वामी विवेकानंद विमानतल से बाहर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। राज्य शासन ने यह आदेश जारी कर दिया है। आदेश के अनुसार छत्तीसगढ़ में बाहर से आने वाले हवाई यात्रियों को 72 घंटे के भीतर आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट निगेटिव होना अनिवार्य है।
रिपोर्ट निगेटिव आने पर यात्रियों को राज्य में प्रवेश की अनुमति दी जा सकती है। इन दिनों कोरोना के प्रभाव से हवाई यात्रियों की संख्या में कमी आती जा रही है। कहा जा रहा है कि इस नियम के लागू होने के बाद हवाई यात्रियों की संख्या में और कमी आएगी। साथ ही उड़ानों के रद होने का सिलसिला भी बढ़ जाएगा।
नियम से यह परेशानी
जानकारों का कहना है कि हवाई यात्रियों के लिए जो नियम तय किए गए है, उससे जरूरतमंद लोगों की परेशानी बढ़ जाएगी। ट्रैवल्स कारोबारी कीर्ति व्यास का कहना है कि नियम से स्पष्ट होता है कि आरटीपीसीआर रिपोर्ट निगेटिव नहीं है, तो बाहर से यात्री नहीं आ सकता। आपात स्थिति में अगर कोई आता है तो उसके लिए एंटीजन या अन्य किसी रिपोर्ट के आधार पर मान्य किया जाना चाहिए।
इस प्रकार जारी होगा बोर्डिंग पास
नियम के अनुसार दूसरे राज्य से संचालित फ्लाइट में बोर्डिंग के पहले ही संबंधित एयरलाइन द्वारा आरटीपीसीआर रिपोर्ट निगेटिव होने पर ही यात्री को बोर्डिंग पास जारी किया जाएगा। यदि त्रुटिवश कोई यात्री आरटीपीसीआर निगेटिव रिपोर्ट के बगैर यात्रा करता है तो उसे रायपुर विमानतल से बाहर आने की अनुमति नहीं मिलेगी।
