
panchayattantra24.com,रायपुर। कोरोना महामारी में सबसे जरूरी लंग्स का मजबूत होना माना जा रहा है। श्वांस तंत्र को मजबूत रखने के लिए आयुर्वेद में योग, प्राणायाम को सर्वोत्तम उपाय माना गया है। इसके बाद जड़ी बूटी और रसोईघर में उपयोग में आने वाले मसालों का सेवन करने से बीमारी पर नियंत्रण किया जा सकता है। बुजुर्गों के बाद अब बच्चों में संक्रमण की संभावना जताई जा रही है।
आयुर्वेद कालेज बिलासपुर के सहायक व्याख्याता डॉ.नरेंद्र कुंजाम का कहना है कि इसे देखते हुए जरूरी है कि इम्युनिटी बढ़ाने बच्चों का खानपान अच्छा रखा जाए। बच्चे कितना भी जिद करें, उन्हें मैगी, पिज्जा खाने को न दें। इसकी जगह दाल, चावल, रोटी, दूध, प्रोटीनयुक्त बिस्किट, ब्राउन ब्रेड खिलाएं। च्यवनप्राश सुबह-शाम एक एक चम्मच दें। स्वर्ण प्राशन औषधि इम्युनिटी बढ़ाने के लिए सबसे अच्छी है।
इसके अलावा दोपहर को 100 ग्राम के लगभग काजू, किशमिश, बादाम, एक अखरोट खिलाएं। इससे हाई प्रोटीन मिलेगा। आंवले का मुरब्बा और रात में गोल्डन मिल्क यानी हल्दी डालकर दूध पिलाएं। बच्चों को छत पर उछलकूद करने दें, रस्सी कूदने और अनुलोम, विलोम जैसे योग कराएं। प्रतिदिन एक फल खाने की आदत डालें। काढ़ा आधा कप पीने को दें। लौंग, अजवाइन, सौंठ, तुलसी से बने काढ़े में गुड़, शहद डालकर पिलाएं।
इधर, डायटीशियन और शिशु रोग विशेषज्ञ डाॅ. रिमझिम श्रीवास्तव ने कहा कि कोरोना महामारी की दूसरी लहर रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होने वाले लोगों को जल्दी चपेट में ले रही है। ऐसे में रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए इस समय हरी सब्जियों का अत्याधिक सेवन करने की जरूरत है। जैसे दाल के साथ हरी सब्जियां से भरपूर मात्रा में पौष्टिक मिलता है। इसके अलावा खाने में सलाद जरूर रखें।
