
panchayattantra24.com,रायपुर। कोरोना महामारी से बचाव के लिए वैक्सीनेशन बेहद जरूरी है. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज 48 दिन बाद टीके का दूसरा डोज लगवाया है. सीएम भूपेश ने रायपुर के पंडित जवाहर लाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय में वैक्सीन की दूसरी खुराक ली. उन्होंने टीका लगवाने के बाद डॉक्टरों से टीकाकरण के बाद रखी जाने वाली सावधानियों के बारे में जानकारी भी ली।
प्रदेशवासियों से की ये अपील
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे कोरोना से बचाव के लिए अपनी बारी आने पर टीका अवश्य लगवाएं. जिन लोगों ने टीके की पहली डोज लगवा ली है, वे निर्धारित समय में दूसरा डोज लगवाएं. क्योंकि टीका ही कोरोना से बचाव का एक कारगर उपाय है. टीका लगवाने के बाद भी सभी लोग कोविड एप्रोप्रियेट बिहेवियर का पालन करें. मास्क लगाएं, समय-समय पर हाथ की सफाई करें. फिजिकल डिस्टेंस बनाए रखें. भीड़-भाड़ में जाने से बचें।
कोरोना संक्रमण की दर 5 प्रतिशत के नीचे
भूपेश ने कहा कि सभी के सहयोग और परिश्रम से छत्तीसगढ़ में कोरोना की दूसरी लहर को नियंत्रित करने में काफी हद तक सफलता मिली है. संक्रमण की दर वर्तमान में 5 प्रतिशत के नीचे आ गई है. जनता की सहूलियत के लिए लॉकडाउन में कुछ छूट दी गई है. सभी लोग सावधानी को अपनाएं. जिससे कोरोना के खिलाफ लड़ाई जीती जा सके।
9 अप्रैल को लिया था पहला डोज
बता दें कि इससे पहले सीएम भूपेश बघेल ने 9 अप्रैल को कोरोना वैक्सीन का पहला डोज लिया था. मुख्यमंत्री ने पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय रायपुर में कोरोना का टीका लगवाया था. अब 48 दिन बाद 27 मई को कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज ली है।
