
panchayattantra24.com,रायपुर। वैक्सीनेशन को लेकर पूर्व स्वास्थ्य मंत्री अजय चंद्राकर ने बैक टू बैक तीन ट्वीट किए हैं. इस ट्वीट के जरिए अजय चंद्राकर ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान पर निशाना साधा है. उन्होंने पूछा कि ” आपने मुफ्त वैक्सीन की घोषणा की थी, तो केंद्र सरकार से मुफ्त वैक्सीन मांगने राज्यपाल के पास क्यों गए थे।
चंद्राकर ने दूसरे ट्वीट में लिखा कि ” मुख्यमंत्री जी, केंद्र सरकार ने 21 जून से मुफ्त टीकाकरण की घोषणा कर दी…अब आप ! कोरोना सेस की कुल राशि कितनी है? उसका हिसाब दीजिए? सेस कब समाप्त होगा? कर्मचारियों के वेतन की राशि का हिसाब दीजिए और भविष्य में अब कभी वेतन न काटे जाए।
तीसरे ट्वीट में लिखा कि ” मुख्यमंत्री जी, आपको कोविड 19, पोस्ट कोविड, ब्लैक फंगस, टीकाकरण के लिए मानव संसाधन आदि जो-जो केंद्र सरकार से मांगना है मांग लीजिए पत्र लिखकर दीजिए…ताकि भविष्य में श्रेय लेने या राजनीति करने में आपको कोई परेशानी ना हो।
सीएम भूपेश ने दिया था ये बयान
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की फ्री वैक्सीनेशन की घोषणा को देरी से लिया गया निर्णय बताया था. कहा था कि वैक्सीन की निरंतर आपूर्ति केन्द्र सरकार कैसे करेगी, यही सबसे बड़ी चुनौती है. हमने छत्तीसगढ़ विधानसभा में बजट सत्र में ही यह घोषणा कर दी थी कि छत्तीसगढ़ में हम हर व्यक्ति का फ्री वैक्सीनेशन करेंगे. केंद्र सरकार ने स्वास्थ्य कार्यकर्ता, फ्रंटलाईन वर्कर और 45 वर्ष के अधिक आयु के लिए तो फ्री वैक्सीनेशन की व्यवस्था की लेकिन जब 18 से 44 आयु वर्ग की बात आयी तो उन्होंने यह राज्यों के ऊपर छोड़ दिया, तब भी सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने प्रधानमंत्री मोदी से फ्री वैक्सीनेशन की मांग की थी, लेकिन उन्होंने सुना नहीं. बाद में राज्यों ने अपने खजाने से वैक्सीनेशन की व्यवस्था की।
मुख्यमंत्री ने कहा था कि मुख्य समस्या वैक्सीन की पूर्ति की है. हमे एक मई से 7 जून तक छत्तीसगढ़ में केवल 9 लाख 38 हजार 530 वैक्सीन डोज ही प्राप्त हुए. ये रफ्तार वैक्सीन उपलब्ध कराने की रही है. जब वैक्सीन ही उपलब्ध नहीं करा पा रहे है तो डोज कैसे लगेंगे. उन्होंने कहा कि राज्यों पर जो आरोप लगाए जा रहे है वो गलत है।
