
panchayattantra24.com,रायपुर। जनसंपर्क विभाग के नए आयुक्त डा. एस.भारतीदासन सोमवार को पदभार ग्रहण कर लिया है। नवा रायपुर में जनसंपर्क संचालनालय में उन्होंने जनसंपर्क आयुक्त के साथ ही छत्तीसगढ़ संवाद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी का पदभार ग्रहण किया।
इसके पहले उन्होंने महानदी भवन मंत्रालय में विशेष सचिव मुख्यमंत्री, विशेष सचिव कृषि विभाग (उद्यानिकी, मत्स्य पालन, दुग्धपालन, गोठान का स्वतंत्र प्रभार), नोडल अधिकारी नरवा, गरूवा, घुरूवा, बाड़ी एवं छत्तीसगढ़ गोधन न्याय योजना का पदभार भी ग्रहण किया।
भारतीय प्रशासनिक सेवा के वर्ष 2006 बैच के अधिकारी डा. भारतीदासन इसके पूर्व राजधानी रायपुर सहित सूरजपुर और जांजगीर-चांपा जिले के कलेक्टर के पद पर कार्य कर चुके हैं। उन्होंने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के संचालक, प्रबंध संचालक मार्कफेड तथा अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए अपने दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया है। जनसंपर्क आयुक्त का पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने अधिकारियों से बैठक लेकर परिचय प्राप्त किया और विभागीय गतिविधियों की जानकारी ली।
इस अवसर पर जनसंपर्क विभाग के संयुक्त सचिव और अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी छत्तीसगढ़ संवाद उमेश मिश्रा, संचालनालय के अपर संचालक जेएल दरियो, जमुना सांडिया और उमेश मिश्रा, संयुक्त संचालक संजीव तिवारी, आलोक देव, संतोष मौर्य सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।
इधर, छत्तीसगढ़ उद्योग विभाग में तबादला
छत्तीसगढ़ उद्योग विभाग में 10 जिले के अधिकारियों का तबादला हुआ है। महाप्रबंधक, प्रबंधक, सहायक प्रबंधक, उप संचालक, स्टेनोग्राफर और सहायक वर्ग-3 के कर्मचारियों का तबादला किया गया है। वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के संयुक्त सचिव अनुराग पांडेय ने आदेश जारी किया है।
जारी आदेश के अनुसार संजीव सुखदेवे (महाप्रबंधक) रायगढ़ से महासमुंद, सीआर टेकाम (उप संचालक) संचालनालय से कबीरधाम, सुरेश केशी (महाप्रबंधक) सीएसआइडीसी रायपुर से रायगढ़, शत्रुघन सिंह (उप संचालक) एसआइपीबी रायपुर से नारायणपुर, दीनबंधु धु्रव (प्रबंधक) सुकमा से कांकेर, राकेश चौरसिया (प्रबंधक) दुर्ग, जितेंद्र कुमार (प्रबंधक) अंबिकापुर से बस्तर, जयप्रकाश रात्रे (प्रबंधक) बस्तर से अंबिकापुर, सोमानी मंडलोई (सहायक प्रबंधक) महासमुंद से एसआइपीबी रायपुर, पवन ओझा (सहायक प्रबंधक) बिलासपुर से मरवाही और कृषि कुमार कौशिक (स्टेनोग्राफर) रायपुर से बिलासपुर स्थानांतरित किए गए हैं।
