
panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार के 17 जून को ढाई साल पूरे होने वाले हैं. सरकार के खिलाफ बीजेपी प्रदेशव्यापी आंदोलन चलाने वाली है. भूपेश सरकार के ढाई साल पूरे होने पर भाजपा 12 जून से 17 जून तक महाअभियान चलाएगी. बीजेपी सरकार की असफलता को घर-घर पहुंचाएगी. घर-घर जाकर बीजेपी आम लोगों से सवाल पूछेगी और विफलता की जानकारी लेगी।
सवाल तो पूछे जाएंगे, जवाब तो देना होगा
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा कि 12 जून को प्रदेश के सभी जिलों में राज्य सरकार की असफलताओं को लेकर प्रेस कांफ्रेंस होगा. 13 से 15 जून तक हर मंडल के पांच शक्तिकेंद्रों में कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर सरकार की असफलताओं से जुड़े सवाल पूछेंगे. महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों समेत अन्य वर्गों के लिए बीजेपी ने अलग-अलग सवाल तैयार किए हैं. 17 जून को राजधानी में संगठन के सभी आला नेता एक साथ प्रेस कांफ्रेंस करेंगे. जनता से पूछे गए सवालों पर बीजेपी रिपोर्ट कार्ड तैयार करेगी. प्रेस कांफ्रेंस में रिपोर्ट पेश किया जाएगा।
ढाई साल में खोदा पहाड़ निकली चुहिया
नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि 17 जून को ढाई साल पूरे हो जाएंगे. कांग्रेस ने सत्ता में आने से पहले बड़े बड़े वादे किए थे. पूरे प्रदेश में विकास कार्य ठप्प हो गया है. अराजकता की स्थिति निर्मित हो गई है. माफियाओं का बोलबाला चल रहा है. जो थोड़ा बहुत विकास कार्य दिख रहा है, वह केंद्र की मनरेगा की राशि है. वन विभाग में कैम्पा की राशि है. डीएमएफ की राशि का बंदरबांट हुआ है. ढाई साल में खोदा पहाड़ निकली चुहिया. बड़ी-बड़ी घोषणा करने वाले घोषणा वीर, पार्टी के ओहदेदारों ने कैसे वादाखिलाफी की है. इसे जनता के बीच ले जाकर बताएंगे।
