
panchayattantra24.com,रायपुर। राजधानी में फिर से शादी-ब्याह और अन्य आयोजनों में बैंड की धुन गूंजेगी. जिला प्रशासन ने मंगलवार देर शाम राजधानी में धुमाल पार्टियों को अनुमति प्रदान कर दी. आदेश जारी होने के साथ ही बुधवार सुबह से ही बैंड पार्टियों के पास बुकिंग के लिए फोन आने शुरू हो गए हैं।
अकेले रायपुर में लगभग 55 बैंड पार्टियां हैं. जिला प्रशासन से अनुमति मिलने के साथ ही इन बैंड पार्टियों में काम करने वालों ने राहत की सांस ली है. चंदू धुमाल के संचालक चंद्रशेखर कौशिक बताते हैं कि काफी समय से उनका धुमाल बंद पड़ा हुआ था, जिसकी वजह से उनकी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी, काफी लोग मजदूरी कर रहे थे, और काफी लोग सब्जी फल बेचने को मजबूर थे।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की अनुमति से वाकई उन्हें राहत मिली है और अब उन्हें उम्मीद है कि आने वाले समय में भी राहत मिलेगी. काफी लंबे समय से परिवार चलाना मुश्किल हो रहा था, अब बचा हुआ कर्ज भी चुका पाने में सफल होंगे।
