
panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के बैनर तले प्रदेश के शिक्षक आठ से 11 जुलाई के बीच अपनी मांगों की अलख जगाएंगे। एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय शर्मा, प्रदेश संयोजक सुधीर प्रधान, वाजीद खान, प्रदेश उपाध्यक्ष हरेंद्र सिंह, देवनाथ साहू, बसंत चतुर्वेदी, प्रवीण श्रीवास्तव, विनोद गुप्ता, डॉ. कोमल वैष्णव, प्रदेश सचिव मनोज सनाढ्य, प्रदेश कोषाध्यक्ष शैलेंद्र पारीक ने कहा है कि सरकार के जनघोषणा पत्र में क्रमोन्नति, पदोन्नति, वेतन विसंगति, पुरानी पेंशन को शामिल किया गया है। ये सभी विषय लंबित हैं, जिनके निराकरण के लिए सभी 90 विधायकों को छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों द्वारा आठ जुलाई से 11 जुलाई के बीच, जनघोषणा पत्र की प्रति संलग्न कर मांगपत्र सौंपा जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष संजय शर्मा ने बताया है कि प्रदेश, संभाग, जिला, ब्लॉक और संकुल पदाधिकारियों के साथ शिक्षक समूह अपने क्षेत्रीय विधायक को जनघोषणा पत्र की प्रति के साथ अपनी मुख्य मांग सौंपते हुए उन्हें पूरा कराने के लिए विधायक जी से पहल करने का आग्रह करेंगे। ज्ञात हो एलबी संवर्ग के शिक्षकों को 25 वर्ष की सेवा के बाद एक बार भी क्रमोन्नति नही दी गई है, सरकार के जनघोषणा पत्र में इसे लागू करने कहा गया है। लगातार मांग के बाद भी अधिकारियों ने प्रावधान नहीं किया है। इसी तरह सहायक शिक्षकों के पदोन्नति के लिए 28 हजार पद रिक्त हैं, लेकिन शिक्षा विभाग ने पदोन्नति ही नहीं की है। इसके अलावा वेतन विसंगति, पुरानी पेंशन, मांग को शामिल किया गया है।
क्रमोन्नति- प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा अवधि मानकर क्रमोन्नति का आदेश किया जाए, शिक्षा कर्मियों के निम्न वर्ग की सेवा को जोड़कर उच्च वर्ग में लाभ दिया गया है। अतः पूर्व सेवा अवधि को जोड़कर क्रमोन्नति के लिए लाभ प्रदान कर क्रमोन्नति आदेश जारी किया जाए।
पदोन्नत्ति- सभी विभाग में पदोन्नति जारी है। ज्ञातव्य है प्राथमिक शाला, पूर्व माध्यमिक शाला में प्रधान पाठक के हजारों पद रिक्त हैं, शिक्षक, व्याख्याता व प्राचार्य के पद पर भी पदोन्नति का प्रावधान है। अतः एलबी संवर्ग को कुल शिक्षकीय सेवा अनुभव (पूर्व सेवा) के आधार पर पदोन्नति दी जाए। इससे शिक्षण व्यवस्था में गुणात्मक सुधार होगा।
वेतन विसंगति- व्याख्याता और शिक्षक की तुलना में सहायक शिक्षक का वेतन कम है, प्राथमिक शिक्षा को विशेष शिक्षकीय सेवा मानकर व्याख्याता व शिक्षक के वेतनमान के अंतर के अनुपात में शिक्षक व सहायक शिक्षक के वेतनमान में सुधार किया जाए और शिक्षक पं/ननि संवर्ग को 01/05/2013 से दिए गए पुनरीक्षित (समतुल्य) वेतनमान में भूतलक्षी प्रभाव से 1.86 के गुणांक पर निर्धारण करने का आदेश जारी किया जावे व 2 वर्ष में एक वेटेज का लाभ दिया गया है उसे 1 वर्ष में 1 वेटेज देने का आदेश देते हुए रिवाइज एलपीसी जारी किया जावे।
पुरानी पेंशन बहाली- जनघोषणा पत्र में पुरानी पेंशन बहाली के लिए कार्यवाही उल्लेखित है, अतः NPS के स्थान पर OPS (पुरानी पेंशन योजना) लागू करने की कार्यवाही की जाए।
