
panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार फाइलेरिया रोग के संपूर्ण उन्मूलन के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य को लेकर कोरोना महामारी के दौरान भी सरकार ने राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत 19 जुलाई से राज्य के फाइलेरिया प्रभावित चार जिलों रायपुर, रायगढ़, गरियाबाद एवं बलोदा बाजार में सामूहिक दवा सेवन (मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन) एवं कृमि मुक्ति दिवस कार्यक्रम को प्रारंभ करने का निर्णय लिया है।
इसके लिए रविवार को संचालनालय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ और ग्लोबल हेल्थ स्ट्रेटजीज द्वारा अन्य सहयोगी संस्थाओं, विश्व स्वास्थ्य संगठन एवं प्रोजेक्ट कंसर्न इंटरनेशनल के साथ समन्वय स्थापित करते हुए वर्चुअल कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य फाइलेरिया रोग की गंभीरता को जन-समुदाय तक पहुंचाना था।
इस अवसर पर निदेशक, महामारी नियंत्रण, संचालनालय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ डॉ. सुभाष मिश्रा ने बताया कि मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन गतिविधियों का संचालन भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार, कोविड-19 के मानकों का अनुपालन करते हुए किया जाएगा। इसमें हाथ की स्वच्छता, मास्क और शारीरिक दूरी (दो गज की दूरी) शामिल हैं। उन्होंने कहा कि फाइलेरिया रोधी दवाएं स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा घर-घर जाकर अपने सामने मुफ्त खिलाई जाएगी।
राज्य कार्यक्रम अधिकारी, वेक्टर बोर्न डिजीजेज डॉ. जगन्नाथ राव ने बताया कि भारत को वर्ष 2021 तक फाइलेरिया से उन्मूलन के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए यह कार्यक्रम किया जा रहा है। इसमें 19 जुलाई को पहले दिन लाभार्थियों को बूथ पर फ़ाइलेरिया रोधी दवाएं खिलाई जाएंगी और उसके बाद 20 जुलाई से 24 जुलाई तक घर-घर जाकर दवाएं खिलाई जाएंगी। इन दवाओं का सेवन खाली पेट बिलकुल नहीं करना है।
एक वर्ष से कम उम्र के बच्चों, गर्भवती महिलाओं और अति गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को फाइलेरिया रोधी दवाएं नहीं खिलाई जाएगी। विश्व स्वास्थ्य संगठन के राज्य एनटीडी समन्वयक डॉ. जमील सरोश ने बताया कि फाइलेरिया या हाथीपांव रोग, सार्वजनिक स्वास्थ्य की गंभीर समस्या है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्लूएचओ) के अनुसार फाइलेरिया, दुनिया भर में दीर्घकालिक विकलांगता के प्रमुख कारणों में से एक है। आमतौर पर बचपन में होने वाला यह संक्रमण लिम्फैटिक सिस्टम को नुकसान पहुंचाता है। अगर इससे बचाव न किया जाए, तो इससे शारीरिक अंगों में असामान्य सूजन होती है।
