
panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ के आबकारी मंत्री कवासी लखमा का वह बयान सुर्खियों में हैं, जिसमें उन्होंने बीजेपी की छत्तीसगढ़ प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी को फूलन देवी कह दिया था. बीजेपी इसे एक मुद्दा बनाकर विपक्ष पर निशाना साध रही है. रविवार को बीजेपी महिला मोर्चा ने प्रेस वार्ती कर मंत्री लखमा के बयान को महिलाओं का अपमान बताया है. महिला मोर्चा ने कहा कि यदि कांग्रेस फूलन देवी शब्द को सम्मान जनक शब्द मान रही है, तो क्या वो सोनिया गांधी को भी इसी नाम से संबोधित करेंगे
बीजेपी महिला मोर्चा ने लखमा के बयान पर जताया विरोध
महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष मीनल चौबे ने कहा कि बीते दिनों मंत्री कवासी लखमा ने छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी को फूलन देवी नाम से संबोधित किया था. मातृशक्ति का उपहास बनाया था. जिसका भाजपा महिला मोर्चा विरोध करती है.
भूपेश सरकार अपने घोषणा पत्र का वादा करे पूरा
भूपेश सरकार अपने वादों को पूरा करें. जन घोषणा पत्र के वादों को पूरा करें. महिलाओं की सुरक्षा की बात उन्होंने कही थी, वह पूरा करें. आज छत्तीसगढ़ अपराध का गढ़ बन गया है. रेप के मामले में छत्तीसगढ़ 7वें स्थान पर आ गया है. पहले छत्तीसगढ़ शांति का टापू कहा जाता था. आज अपराध का गढ़ बन गया है.
क्या सोनिया गांधी को फूलन देवी के नाम से करेंगे संबोधित ?
जिला महामंत्री स्वप्निल मिश्रा ने कहा कि फूलन देवी शब्द को ये सम्मान जनक शब्द मान रहे हैं, तो क्या वे सोनिया गांधी को भी इसी नाम से संबोधित करेंगे ? यदि वे ऐसा करते हैं, तब हम मानेंगे कि वाकई सम्मानीय शब्द है.
पूर्ण शराबबंदी हुई, तो कांग्रेसियों को बांधेंगी राखी
इसके अलावा बीजेपी महिला मोर्चा की टीम पूर्ण शराब बंदी का मुद्दा भी छत्तीसगढ़ में उठाएंगी. बीजेपी महिला मोर्चा ने रक्षाबंधन से पहले ही पूर्ण शराबबंदी की मांग सरकार से की है. यदि ऐसा होता है, तो वो कांग्रेसियों को राखी भी बांधेंगी.
