
panchayattantra24.com,रायपुर। विधानसभा के मानसून सत्र को लेकर कांग्रेस विधायक दल की सोमवार रात को मुख्यमंत्री निवास पर बैठक हुई। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया की मौजूदगी में मंत्रियों ने अपने-अपने विभाग की उपलब्धियां बताई। विधायकों को सदन के अंदर तथ्यों के साथ अपनी बात रखने की नसीहत दी गई। पार्टी ने सदन में विपक्ष की तरफ से उठाए जाने वाले हर मुद्दे पर तार्किक पलटवार करने की रणनीति बनाई है। सोमवार को शुरू हो रहे सत्र के हंगामेदार होने की उम्मीद है।
बैठक में प्रदेश सरकार के सभी मंत्री और पार्टी के अधिकांश विधायक मौजूद थे। इस दौरान विपक्ष की तरफ से उठाए जाने वाले संभावित मुद्दों पर भी बात हुई। चर्चा हुई कि भाजपा और जकांछ की तरफ से किसान और कानून-व्यवस्था का मुद्दा उठाया जा सकता। विधायकों को बताया कि राज्य में रासायनिक खाद की जो कमी हो रही है उसके लिए केंद्र सरकार जिम्मेदार है। सूत्रों के अनुसार कृषि मंत्री रविंद्र चौबे ने आंकड़ों के साथ बताया कि राज्य सरकार की तरफ से कितने खाद की मांग की गई थी, इसकी तुलना में केंद्र से कितनी आपूर्ति की है।
विधायकों को यह भी बताया गया कि मुख्यमंत्री ने पत्र लिखकर तीन लाख टन अतिरिक्त खाद की मांग की थी, लेकिन केंद्र सरकार ने कोई जवाब नहीं दिया। इसी तरह धान के मुद्दे पर भी मंत्रियों ने विधायकों को बताया कि केंद्र से अनुमति नहीं मिलने के कारण पिछले खरीफ सीजन में राज्य सरकार को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर विधायकों को पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल के आंकड़ों की जानकारी दी गई। विधायकों को यह भी हिदायत दी गई कि वे बिना कारण सदन से अनुपस्थित न रहे और अनुशासन के साथ सदन की कार्यवाही में शामिल हों।
