
panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ में इस बार मानसून समय पर पहुंचा। इससे खेती किसानी ने भी निर्धारित समय पर गति पकड़ ली। राज्य में करीब 65 फीसद से अधिक रोपाई और बोआई का काम हो गया है। अब किसानों को रासायनिक खाद की जरूरत है, लेकिन करीब दर्जनभर से अधिक जिलों में खाद ही नहीं मिल रही है। किसानों को विशेष रूप से यूरिया और डाई अमोनियम फास्फेट (डीएपी) के संकट से जूझना पड़ रहा है। समय पर खाद नहीं मिलने से फसल खराब होने को लेकर किसान चिंतित है। इधर, इसको लेकर सियासत गर्म हो गई है। सत्तारूढ़ कांग्रेस और विपक्षी पार्टियों के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा किसानों के मुद्दे को लेकर सोमवार को प्रदेशभर में प्रदर्शन करने जा रही है। वहीं, कांग्रेस खाद संकट के लिए भाजपा को ही घेरने की कोशिश कर रही है।
राज्य के कुछ जिलों में रासायनिक खाद की उपलब्धता को लेकर पड़ताल की। इसमें पता चला कि धमतरी, महासमुंद, राजनांदगांव, दुर्ग, बालोद और कांकेर समेत कई जिलों में बाकी खाद तो उपलब्ध है, लेकिन यूरिया और डीएपी का संकट है। धमतरी के जिला नोडल अधिकारी प्रहलाद पुरी गोस्वामी का कहना है कि जिले की सोसाइटियों में विभिन्न खाद की 4069 टन का स्टाक है।
जहां खाद खत्म हो गई है, वहां शीघ्र भंडारण कराया जाएगा। वहीं, बालोद में महीनेभर से डीएपी खाद नहीं मिल रही है। कांकेर में भी डीएपी व यूरिया की किल्लत है। राजनांदगांव में डीएपी व यूरिया खाद की मांग अधिक है। खाद की परेशानी से जूझ रहे किसान जिले में आंदोलन भी कर रहे हैं।
इसी तरह महासमुंद के कोमाखान सोसाइटी प्रबंधक नागेंद्र ठाकुर का कहना है कि बीते वर्ष की तरह इस बार समय पर सप्लाई नहीं हुई, इसीलिए दिक्कत है। उन्होंने यूरिया के अलावा शेष खाद उपलब्ध होना बताया। दुर्ग जिले के संचालक कृषि एसएस राजपूत ने बताया कि जिले में इन दिनों यूरिया खाद की अधिक मांग है। इसकी तुलना में खाद की किल्लत बनी हुई है।
भाजपा किसान मोर्चा का प्रदेशभर में प्रदर्शन आज
राज्य सरकार के किसान विरोधी नीति व राज्य में रासायनिक खाद की कमी व खाद की कालाबाजारी, अघोषित बिजली कटौती, नकली बीज की सप्लाई, गुणवत्ता विहीन वर्मी कंपोस्ट खरीदने के लिए किसानों को बाध्य करने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर सोमवार को भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश के सभी विधानसभा में एक दिवसीय धरना देगी।
इस धरना की तैयारी के लिए मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम बिहारी जायसवाल के निर्देश पर मोर्चा के सभी पदाधिकारियों ने लगातार प्रदेशभर का दौरा कर रणनीति तैयार किए हैं। किसान मोर्चा के प्रदेश मीडिया प्रभारी अजय साहू ने बताया है कि धरना में भाजपा के सभी वरिष्ठ नेता व मोर्चा प्रकोष्ठ के पदाधिकारी कार्यकर्ताओं सहित सैकड़ों की संख्या में किसान शामिल होंगे।
किसानों के नाम पर घड़ियाली आंसू बहा रही भाजपा: शुक्ला
प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि राज्य में खाद की कमी के कुछ जगह हालात बने हैं, उसके लिए भाजपा की केंद्र सरकार जिम्मेदार है। केंद्र सरकार ने राज्य की मांग के अनुरूप खाद की आपूर्ति नहीं की है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की छत्तीसगढ़ के किसानों के प्रति बदनीयती इसी से झलकती है कि छत्तीसगढ़ को केंद्र ने उसको आवंटित खाद पर 45 फीसद ही दिया है। इसके विपरीत मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, गुजरात, पंजाब, हरियाणा जैसे राज्यों को 90 फीसद तक आपूर्ति की गई है।
