
panchayattantra24.com,रायपुर। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी की घटना पर नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक का बयान सामने आया है. उन्होंने कहा कि लखीमपुर की घटना दुर्भाग्यजनक है. अपराधी कोई हो क़ानूनी कार्रवाई की जा रही है. लेकिन कुछ लोग वहां माहौल बिगाड़ने की कोशिश में लगे हैं. उत्तर प्रदेश सरकार ने जो निर्णय लिया है वह ठीक है।
नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि उत्तर प्रदेश में रेप की घटना होती है, तो बड़ी हो जाती है. राज्य में घटना होती है, तो वह छोटी हो जाती है. ऐसा कांग्रेस सरकार के मंत्री कहते हैं. पंडो जनजाति के लोगों की मौत हो रही है, लेकिन सरकार का कोई मंत्री नहीं गया. बस्तर में सिलगेर की घटना के बाद वहां भी कोई नहीं गया. जितनी चिंता यूपी की कर रहे हैं, उतनी प्रदेश की करते तो स्थिति कुछ और होती।
लखीमपुर में 4 किसानों समेत 8 लोगों की मौत
बता दें कि उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में रविवार को 4 किसानों समेत 8 लोगों की मौत हो गई है. इस मामले में सूबे की सियासत गर्मा गई है. सियासी बवाल के बीच प्रियंका गांधी से लेकर तमाम विपक्षी दलों के नेताओं ने आक्रमक रुख अपना लिया है. किसान नेता आंदोलन को आगे धारदार बनाने की रणनीति में जुट गए हैं।
परिवारों को मुआवजा और सरकारी नौकरी
हालांकि यूपी सरकार ने लखीमपुर खीरी में मारे गए 4 किसानों के परिवारों को सरकार 45 लाख रुपए और एक सरकारी नौकरी देगी. घायलों को 10 लाख रुपए दिए जाएंगे. किसानों की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज़ की जाएगी. हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज मामले की जांच करेंगे।
