
panchayattantra24.com,- वैसे तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बहुमुखी प्रतिभा संपन्न व्यक्ति हैं अजय झा वैसे तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बहुमुखी प्रतिभा संपन्न व्यक्ति हैं, पर उनकी एक और खासियत है- भाषा और शब्दों से खेलने में वह माहिर हैं. कुछ समय पहले मोदी ने एक नए शब्द ‘आन्दोलनजीवी’ का उपहार हिंदी शब्दकोश को दिया था. अब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक नया नाम दे दिया UP-Yogi. यूपी का साथ मोदी ने योगी शब्द जोड़ दिया और बन गए योगी ‘उपयोगी’. योगी को उपयोगी कहना इतना पसंद आया कि उसके ठीक अगले दिन ही उत्तर प्रदेश सरकार का विज्ञापन अख़बारों में छपा जिसमें योगी के लिए उपयोगी शब्द का प्रयोग किया गया.’उपयोगी योगी’ एक नारा बनने वाला है और उत्तर प्रदेश चुनावों में इसका जम कर इस्तेमाल होने वाला है।
हालांकि यह एक राजनीतिक बहस का मुद्दा हो सकता है, पर इसमें शक नहीं कि अपने पांच साल के कार्य की बदौलत योगी अपने विरोधियों पर अभी से भारी पड़ने लगे हैं. यह पहला चुनाव है जिसमें उत्तर प्रदेश की जनता को योगी और दो पूर्व मुख्यमंत्री, बहुजन समाज पार्टी सुप्रीमो मायावती और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के काम काज की समीक्षा और तुलना कर सकते हैं. ये तीनों नेता अपने अपने दल के मुख्यमंत्री पद के दावेदार हैं. योगी की छवि एक साफ़ सुथरे नेता की है. कुंवारे हैं और संन्यास ग्रहण करते समय उन्होंने परिवार को त्याग दिया था, इसलिए उनकी जरूरतें कम हैं. लिहाजा उनपर विपक्ष भी भ्रष्टाचार में लिप्त होने का आरोप नहीं लगा सकती।
चूंकि योगी मूलरूप से उत्तराखंड के रहने वाले हैं, इसलिए उत्तर प्रदेश की जातिगत राजनीति से परे हैं. मायावती और अखिलेश यादव के कार्यकाल में उनकी जातियों का समाज और प्रशासन में दबदवा होता था, पर योगी, जिनका असली नाम अजय मोहन बिष्ट है और पौड़ी गढ़वाल के राजपूत हैं, जातीय राजनीति से दूर रहे हैं जिस कारण किसी भी जाति का बीजेपी के खिलाफ रोष नहीं है।
