
कोरबा । युवक की हत्या कर नेवसा के जंगल में फेंकी गई लाश की गुत्थी पुलिस सुलझाने के करीब पहुंच गई है। मामला ऑनर किलिंग से जुड़ा है। अभी तक पांच व्यक्ति पुलिस की गिरफ्त में हैं।
प्रारंभिक जानकारी के आधार पर सूत्रों ने बताया कि ग्राम मांगामार के रहने वाले संजय आंडिल का संबंध हरदीबाजार चौकी क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली युवती से चल रहा था। युवती की शादी तय हो गई थी। इस बीच एक मई को संजय अपने एक अन्य दोस्त के साथ युवती से मिलने गया था। युवक युवती के घर में चोरी-छिपे मिल रहा था। युवती के रिश्तेदारों ने देख लिया। नाराज होकर दोनों को फटकार लगाई। संजय को बहला फुसलाकर नेवसा जंगल की ओर ले गए। जंगल के करीब सड़क पर स्थित एक पुल के नीचे युवक को धक्का देकर फेंक दिया। गंभीर चोट लगने से युवक की मौत हो गई। इसके बाद शव को उठाकर जंगल में फेंककर फरार हो गए थे। अभी तक पुलिस ने लगभग पांच लोगों को हिरासत में लिया है। गोलू और नवल नाम के दो लोग शामिल हैं। हिरासत में लिए आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है। सोमवार को पुलिस मामले का खुलासा कर सकती है।
शनिवार को मिली थी लाश : हरदीबाजार चौकी क्षेत्र में ग्राम नेवसा के पास शनिवार को जंगल में एक लाश मिली थी। मृतक की जेब से आधार कार्ड मिला था। इसके जरिए पहचान हुई थी। जांच आगे बढ़ी तो ऑनर किलिंग से जुड़ गई।
