
K.W.N.S.-रायपुर। राष्ट्रसंत श्रीललितप्रभ सागरजी महाराज ने कहा कि ने कहा कि जीवन ऐसे जियो कि जहां रहो सब आपको प्यार करें, जहां से आप जाओ पीछे सब आपको याद करें और आप जहां जा रहे हो वहां पर सब आपका इंतजार करें। या तो हम 100 किताबें लिख कर जाएं कि हमारे जाने के बाद भी यह दुनिया उन्हें पढ़कर जीना सीख सके या फिर ऐसा जीवन जीकर जाएं कि हम पर 100 किताबें लिखी जा सकें। उन्होंने कहा कि तलवार की कीमत होती है धार से, पर अच्छे इंसान की कीमत होती है सद् व्यवहार से। सद् व्यवहार करने वाला कभी नहीं मरता क्योंकि वह लोगों के दिलों में युगों-युगों तक जीवित रहता है। उन्होंने कहा कि गॉड बनना या डॉग यह हम पर निर्भर है। जो अच्छे व्यवहार करते हैं वे गॉड बन जाते हैं और जो बुरा व्यवहार करते हैं वे डॉग जैसे रह जाते हैं। जहां सुंदर चेहरा 2 मिनट याद रहता है वहीं सुंदर व्यवहार औरों को जीवनभर याद रहता है। हम हाथ उठा कर दो लोगों का दिल भी जीत नहीं सकते पर हाथ जोड़कर लाखों लोगों का दिल जीत सकते हैं। उदाहरण से संतप्रवर ने समझाया कि जैसे पुरुष लोग शादी से पहले जैसा व्यवहार करते हैं अगर वह वैसा ही शादी के बाद भी व्यवहार करें तो इस दुनिया में कभी तलाक की नौबत ही ना आए और महिलाएं शादी के बाद जैसा व्यवहार करती हैं अगर वह शादी से पहले वैसा ही व्यवहार करें तो इस दुनिया में कोई मूर्ख शादी ही न करें। संतप्रवर शुक्रवार को कुम्हारी के कैवल्यधाम तीर्थ में आयोजित प्रवचन कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कैवल्यधाम तीर्थ संपूर्ण छत्तीसगढ़ का गौरव है। यहां आने से मन को अपूर्व शांति मिलती है। उन्होंने यहां के श्रद्धालुओं की भक्ति, समर्पण, उदारता व श्रेष्ठ व्यवहार की अनुमोदना करते हुए कहा कि सद् व्यवहार वही कर सकता है जो बड़े दिल का होता है। जैसे आपकी डिलीवरी के समय देवरानी कोई बहाना बनाकर पीहर चली गई लेकिन जब देवरानी के डिलीवरी का समय आए तो आप बड़ा दिल रखते हुए देवरानी से कहना कि बहन तू चिंता मत कर, मैं तेरी डिलीवरी बड़े प्यार से करवाऊंगी। आपका यह बड़प्पन उसे जीवनभर याद रहेगा। जैसे पड़ोस में मकान बनने वाला हो और पड़ोसी का सारा सामान आपके घर के आगे बिखरा हुआ हो तो पड़ोसी से लड़ने की बजाय अपना दिल बड़ा रखें और पड़ोसी से कहें कि सब सामान आप अपना मकान में उपयोग कीजिएगा पर पानी मेरे यहां से लीजिएगा। आपका बड़प्पन एक दिन चमत्कार करेगा और कभी आपकी दादी मां की तबीयत बिगड़ जाएगी और आप पड़ोसी से कहेंगे कि भैया गाड़ी देना तो वह खुद आपकी दादी मां की सेवा के लिए साथ चला आएगा। आपने तो उसके लिए केवल पानी बहाया लेकिन वह आपके लिए पेट्रोल बहाने के लिए भी तैयार हो जाएगा। अगर व्यक्ति केवल 1 मिनट का सद् व्यवहार कर ले तो वह दुश्मन को भी अपना मित्र बनाने में सफल हो जाता है।
