
K.W.N.S.रायपुर। ”जीवन में जो भी संस्कार आते हैं, उनके आने का पहला कारण होता है आदमी की संगत। क्योंकि जैसी संगत होती है, वैसी ही जीवन में रंगत आती है। सीधी-सादी सी बात है आसमान से टपकने वाली पानी बूंद अगर भूल से सांप के मुंह में चली जाए तो उसका भविष्य जहर बन जाता है और अगर वही बूंद सीप के मुंह में चली जाए तो उसका भविष्य मोती बन जाता है। अगर आपने अपने बच्चों को सांप जैसे लोगों की सोहबत दी है तो उनकी जिंदगी में जहर भरना तय है और आपने उन्हें सीप जैसे लोगों का साथ दिया है तो वे मोती जैसे सुंदर गुणों वाले बन जाएंगे। जिंदगी हमारी जिंदगी है, अगर चंदन जैसे लोगों के साथ रहेगी तो महक जाएगी और अगर कोयले जैसे लोगों के साथ रहेगी तो कालिमा से भर जाएगी। क्योंकि जैसा आदमी का मित्र होता है, वैसा ही उसका चरित्र होता है या जैसा आदमी का चरित्र होता है, वह अपनी जिंदगी में वैसा ही मित्र बनाता है।” ये प्रेरक उद्गार राष्ट्रसंत महोपाध्याय श्रीललितप्रभ सागरजी महाराज ने आउटडोर स्टेडियम बूढ़ापारा में जारी दिव्य सत्संग ‘जीने की कला’ के अंतर्गत स्वास्थ्य सप्ताह के सातवें दिन रविवार को ‘स्वयं को कैसे बनाएं संस्कारी-व्यसनमुक्त ‘ विषय पर व्यक्त किए। राजस्थानी भजन ‘सुण सुण री म्हारी काया री लाड़ली, आत्मा रे दाग लगाइजे मति, भाया कुसंग में जाइजे मति…’ के गायन से दिव्य सत्संग का शुभारंभ करते हुए संतप्रवर ने कहा कि हर इंसान अगर चाहे तो वह अपनी जिंदगी को सुधार सकता है। हर इंसान असत्य से सत्य की ओर, अंधकार से प्रकाश की ओर, मृत्यु से अमरत्व की ओर अपने जीवन को बढ़ा सकता है। आज की तारीख में अगर इंसान को सबसे बड़ी कोई जरूरत है तो वह है संस्कारों की दौलत। आपके घर के बाहर कार है ये आपकी समृद्धि की प्रतीक है और आपकी जिंदगी में अच्छे संस्कार हैं, ये आपकी महान संस्कृति का प्रतीक है। भगवान से ये प्रार्थना न करो कि मेरे पांव के नीचे और मेरे बच्चों के पांव के नीचे हमेशा कार रहे, भगवान से ये प्रार्थना करो कि हमारे बच्चों की जिंदगी में हमेशा अच्छे संस्कार रहें। संस्कारों से बढ़कर दुनिया की और कोई दौलत नहीं होती। अगर अच्छे संस्कारभरा परिवार है तो दुनिया में उससे अमीर आदमी और कोई हो नहीं सकता और जिसके घर में केवल दौलत है, केवल जमीन-जायजाद है और संस्कार अगर उस घर से निकल गए तो वह घर भी अपने-आपमें श्मशान के बराबर हो जाता है।
