
K.W.N.S.-रायपुर। ”इस दुनिया के 70 परसेंट लोग ऐसे हैं जो गरीब के घर पैदा हुए और ऊंचाइयों के मुकाम तक पहुंचे। जब आदमी के भीतर जब जज्बा जाग जाता है- मुझे कुछ बनना है तो वह कहां से कहां तक पहुंच जाता है। दुनिया में प्रतिभा कभी भी बाहर से डाली नहीं जाती है, प्रतिभा उजागर की जाती है। बाहुबली की विशाल प्रतिमा एक बड़ी पहाड़ी को तराशकर निकाली जा सकती है। ऐसे ही हमारे भीतर भी प्रतिभाएं छिपी हैं, केवल उन्हें बाहर निकालने की जरूरत है। यही नहीं सब कुछ खोकर भी आदमी अपाहिज नहीं होता, अगर उसके हौसले बुलंद हों, उसे केवल अपनी प्रतिभा जगानी होती है। हर आदमी इस दुनिया में प्रतिभा लेकर आया है, बस उसे तराशने की जरूरत है। भगवान श्रीमहावीर ने 26सौ साल पहले भारत के भविष्य को देखते हुए यह कहा था कि मनुष्य न तो जन्म से महान होता है, न तो जाति वंश और वर्ण से महान होता है, मनुष्य जब भी महान होता है अपने कर्म से महान होता है। हम सबके भीतर में ईश्वर ने कोई न कोई प्रतिभा जरूर भरी है।” ये प्रेरक उद्गार राष्ट्रसंत महोपाध्याय श्रीललितप्रभ सागरजी महाराज ने आउटडोर स्टेडियम बूढ़ापारा में जारी दिव्य सत्संग जीने की कला के अंतर्गत परिवार सप्ताह के पंचम दिवस शुक्रवार को व्यक्त किए। उन्होंने आज के विषय- ‘बच्चों को टेलेन्ट निखारने की जरूरी बातें’ पर कहा कि जिस प्रकार मूल्य वस्तु का नहीं, वस्तु में छिपी संभावनाओं का मूल्य होता है उसी प्रकार मनुष्य से अधिक उसके भीतर छिपी संभावनाओं और प्रतिभाओं का मूल्य हुआ करता है। चांदी तो अंत तक चांदी ही बनी रहती है पर लोहे को यदि पारस पत्थर का स्पर्श मिल जाए तो वह लोहा भी एक दिन सोना बनने में सफल हो जाता है। अगर लोहे ने अपनी प्रतिभा को जगा लिया और उसे आप जैसा कोई गुरू पारस रूप में मिल जाए तो वह लोहा भी सोना बन जाएगा।
