
रायपुर । कांग्रेस सरकार ने प्रदेश की सभी राशन दुकानों का आवंटन रद्द करने का ऐलान किया है। कांग्रेस नेताओं ने लोकसभा चुनाव में हार के लिये राशन दुकान संचालक को जिम्मेदार बताया है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि भाजपा समर्थित लोग राशन दुकान संचालक है। उन्होंने 35 किलो चावल, नमक, चना वितरण को लेकर सरकार के खिलाफ अफवाह फैलाई जिसका भाजपा को फायदा हुआ है। कांग्रेस प्रवक्ता शैलेश नितिन त्रिवेदी का कहना है कि राशन दुकान गरीबों के हितों के लिये संचालित की जाती है। लेकिन दुर्भाग्य से भाजपा सरकार ने इसे भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया। उन्होंने कहा कि राशन आम लोगों तक नहीं पहुंच रहा है इस लिए सरकार संचालकर बदलने जा रही है। बता दें कि प्रदेश में करीब 12,500 राशन दुकान संचालित है। जिसमें चावल, चना, नमक, शक्कर का रियायती दरों पर सरकार आवंटन करती है।
