रायपुर । आचार संहिता खत्म होने के बाद राज्य सरकार ने अपनी एक और घोषणा को मंजूरी दे दी है। सरकार यूनिवर्सल पीडीएस (पब्लिक डिस्ट्रीब्यूशन स्कीम) के तहत हर परिवार को कम से कम 35 किलो चावल देगी। वहीं एपीएल (एबव पावर्टी लाइन) के भी राशन कार्ड बनेंगे। जिससे वे भी राशन की दुकानों से 10 रुपए प्रति किलो की दर से 35 किलो तक चावल खरीद सकेंगे। इसके लिए जल्द ही एपीएल परिवारों के राशन कार्ड बनना शुरू हो जाएंगे। प्रदेश में 58 लाख बीपीएल परिवार हैं। जिन्हें अभी तक प्रति सदस्य सात किलो चावल दिया जा रहा था। विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने इसे प्रत्येक परिवार 35 किलो चावल देने को सुनिश्चित करने की घोषणा की थी। जिसके तहत अब इसका क्रियान्वयन शुरू कर दिया गया है। वहीं योजना में एक कदम और आगे बढ़ाते हुए 7 लाख एपीएल परिवारों के भी राशन कार्ड बनाने का निर्णय लिया गया है।प्रदेश के कैबिनेट मंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा है कि वे पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह का कार्ड देने के लिए खुद जाएंगे। प्रदेश में करीब 7 लाख ऐसे एपीएल परिवार हैं, जिनके पास राशन कार्ड नहीं है। माना जा रहा है कि ऋणमाफी के मसले पर अलग-अलग राज्यों में भाजपा ने जिस तरीके से कांग्रेस पर आरोप लगाए थे, उसे देखते हुए कांग्रेस ये कदम उठाने जा रही है।
कांग्रेस सरकार पीडीएस सिस्टम को पतन की ओर ले जाएगी : रमन : इस बीच पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने ट्वीट कर कांग्रेस सरकार के फैसले पर सवाल खड़ा किया है। कांग्रेस सरकार प्रति व्यक्ति सात किलो चावल की व्यवस्था को बंद करके प्रति कार्ड 35 किलो चावल फिर से देने वाली है। इस पर पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने ट्वीट कर कांग्रेस सरकार के फैसले पर सवाल खड़ा किया है। उन्होंने लिखा है कि कांग्रेस सरकार पीडीएस सिस्टम में बदलाव कर, उसे पतन की ओर ले जाएगी। रमन ने ट्वीट लिखा है कि हमारी सरकार ने पीडीएस को देश के सबसे उन्न्त व उत्कृष्ट सिस्टम के रूप में संचालिक किया। यह अनेक राज्य के लिए अनुकरणीय व जनहितकारी मॉडल साबित हुआ। विभिन्न् संस्थाओं ने इसे सराहा, परंतु सीएम भूपेश बघेल की सरकार इस सिस्टम में जैसे परिवर्तन कर रही है, वह इसे पतन की ओर ले जाएंगे। जवाब में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी ट्विटर पर पलटवार करते रमन को उनके कार्यकाल में हुए नान घोटाले और फर्जी राशन कार्ड की याद दिलाई है। मुख्यमंत्री बघेल ने रमन के लिए ट्वीट किया, आपके पीडीएस का हाल प्रदेश ने देखा है और उसके घोटालों का पता पूरे देश को है। लाखों फर्जी राशन कार्ड से लेकर 36 हजार करोड़ का नान घोटाला सब आपके पीडीएस की ही देन है। आपकी सरकार की पतन की एक वजह ये घोटाले भी थे। इनकी बात करें, तो आप बदलापुर-बदलापुर चिल्लाने लगते हैं। वहीं, कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री शैलेश नितिन त्रिवेदी इस ट्विटर वार में कूद पड़े। उन्होंने लिखा कि डॉक्टर साहब! ये वही पीडीएस है न, जिसमें आपके सीएम रहते हुए 36000 करोड़ का घोटाला उजागर हुआ था? वो लाल डायरी में लिखे नाम याद हैं न? जिनकी जानकारी पूरे छत्तीसगढ़ को है। क्या आपकी भाषा में बड़े घोटाले को उन्न्ति और उत्कृष्टता कहा जाता है? त्रिवेदी ने कांग्रेस सरकार की तरफ से दावा भी किया है कि बदलाव तो हम करेंगे और बहुत कुछ बदलेगा भी, आप बस देखते जाइये।
