रायपुर। छत्तीसगढ़ में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण के नतीजे सामने आ चुके हैं और कांग्रेस ने इसे अपनी बड़ी जीत बताया है। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने दावा किया कि कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों ने भाजपा को पछाड़ते हुए ज्यादा सीटों पर जीत दर्ज की है। उन्होंने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि पूरे प्रदेश के जिला पंचायतों में प्रथम चरण के 149 क्षेत्रों में कांग्रेस के 78 समर्थित चुनाव जीत कर आए हैं। 69 कांग्रेस के अधिकृत उम्मीदवार तथा 9 कांग्रेस समर्थित है, जबकि भाजपा के मात्र 66 सदस्य ही चुनाव जीत पाए हैं।
प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा झूठा दावा कर रही है कि पंचायतों में उसके ज्यादा लोग चुनाव जीतकर आए हैं, जबकि हकीकत यह है पंचायत चुनाव में कांग्रेस को भाजपा से बढ़त मिली हुई है। कांग्रेस के प्रथम चरण में भाजपा से 12 सदस्य ज्यादा चुनाव जीते हैं।