panchayattantra24.-रायपुर। राज्य शासन की पोषण संवर्धन पहल के तहत संचालित “हमर स्वस्थ लइका” कार्यक्रम ने एक और सकारात्मक परिणाम प्रस्तुत किया है। जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के मोहला स्थित आंगनबाड़ी केंद्र मोहला-बी में पंजीकृत बालिका हिमांशी कोवाची, जो पूर्व में अति गंभीर कुपोषण श्रेणी में चिन्हित की गई थी, 16 सप्ताह के विशेष पोषण प्रबंधन के पश्चात अब सामान्य श्रेणी में आ गई है।
प्रारंभिक स्वास्थ्य परीक्षण में हिमांशी का वजन मात्र 9.2 किलोग्राम दर्ज किया गया था, जो उसकी आयु के अनुरूप अत्यंत कम था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उसे तत्काल “हमर स्वस्थ लइका” कार्यक्रम अंतर्गत विशेष निगरानी में पंजीकृत किया गया।
बालिका की माता श्रीमती कनक कोवाची ने डाइट कैलेंडर का नियमित पालन करते हुए बच्चे के आहार में दाल, हरी सब्जियां, अंडा एवं दूध जैसे पोषक तत्वों को शामिल किया। साथ ही पूरक पोषण आहार (टेक होम राशन) का समय पर उपयोग एवं स्वच्छता संबंधी सावधानियों को दिनचर्या में सम्मिलित किया गया।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता द्वारा नियमित गृह भ्रमण, मासिक वजन मापन, स्वास्थ्य परीक्षण तथा आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की गई। 16 सप्ताह तक सतत निगरानी एवं समन्वित पोषण प्रबंधन के परिणामस्वरूप हिमांशी का वजन 9.2 किलोग्राम से बढ़कर 11.50 किलोग्राम हो गया। उसकी सक्रियता एवं भूख में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया और वह अति गंभीर कुपोषण श्रेणी से बाहर आ गई।
यह उदाहरण दर्शाता है कि समय पर पहचान, अभिभावकों की सजगता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सतत निगरानी एवं टेक होम राशन जैसी पोषण योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से कुपोषण की समस्या पर सफलतापूर्वक नियंत्रण पाया जा सकता है।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
