panchayattantra24.-जगदलपुर। छत्तीसगढ़ में तेज रफ्तार का कहर लगातार जारी है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर जगदलपुर के डिलमिली पेट्रोल पंप के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां तेज रफ्तार टिप्पर और ट्रक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी एक कार को अपनी चपेट में लेते हुए पेड़ से जा टकराया। इस भीषण दुर्घटना में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य छह लोग घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब टिप्पर और ट्रक राष्ट्रीय राजमार्ग पर विपरीत दिशा से आ रहे थे।
प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार को दुर्घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है। टक्कर के बाद ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे सड़क किनारे खड़ी कार से टकरा गया। इसके बाद ट्रक और कार दोनों ही पेड़ से जा भिड़े, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में कार चालक को भी चोटें आई हैं। वहीं ट्रक में सवार अन्य लोगों को गंभीर चोटें पहुंची हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग तत्काल मौके की ओर दौड़ पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दुर्घटना के बाद वाहनों के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर यातायात कुछ समय के लिए बाधित हो गया।
बीजापुर से लौट रहे थे घायल बताया जा रहा है कि हादसे में घायल हुए सभी लोग बीजापुर से कैटरिंग का काम कर लौट रहे थे। दुर्घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने मानवता दिखाते हुए तत्काल राहत कार्य शुरू किया और घायलों की मदद की। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस ने मृतक ट्रक चालक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है, जिसमें वाहन की गति, सड़क की स्थिति और चालक की लापरवाही जैसे बिंदुओं को भी शामिल किया गया है। इस हादसे ने एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्गों पर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर सख्त यातायात नियंत्रण और निगरानी बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
