panchayattantra24.-रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित महतारी वंदन योजना राज्यभर की महिलाओं के लिए आर्थिक सशक्तिकरण का सशक्त माध्यम बनकर उभर रही है। योजना के अंतर्गत पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 1000 रुपये की सहायता राशि प्रदान की जा रही है, जिससे वे अपनी दैनिक आवश्यकताओं को स्वयं पूरा कर पा रही हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति में सहयोग दे रही हैं।
बलरामपुर जिले के विकासखंड वाड्रफनगर अंतर्गत ग्राम शिवरी की निवासी श्रीमती शिल्पा कश्यप इसका एक प्रेरणादायक उदाहरण हैं। योजना से पहले उन्हें घरेलू खर्चों के लिए परिवार पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन अब उन्हें प्रतिमाह मिलने वाली सहायता राशि से दैनिक जरूरतों की पूर्ति करना आसान हो गया है। अब तक उन्हें 26 किश्तों के माध्यम से 26 हजार रुपये की राशि प्राप्त हो चुकी है, जिससे परिवार के खर्चों में सहयोग मिला है।
श्रीमती कश्यप बताती हैं कि इस योजना से उन्हें बच्चों की छोटी-छोटी आवश्यकताओं को पूरा करने और अपने दैनिक खर्चों को संभालने में मदद मिल रही है। वे अब आत्मनिर्भर महसूस कर रही हैं और अपने निर्णय स्वयं लेने में सक्षम हुई हैं।
राज्य के विभिन्न जिलों में इस योजना का सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल रहा है। महिलाएं अब छोटी-छोटी जरूरतों के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं रहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते हुए अपने निर्णय स्वयं ले रही हैं। यह योजना न केवल आर्थिक सहायता प्रदान कर रही है, बल्कि महिलाओं के आत्मविश्वास और सम्मान में भी वृद्धि कर रही है।
उल्लेखनीय है कि महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जा रही है। मार्च 2024 में प्रारंभ इस योजना के अंतर्गत अब तक 26 किस्तों में कुल 16,881 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है, जिससे लाखों महिलाओं को सीधा लाभ मिला है।
महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे उनके जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आ रहा है और वे अपने निर्णय स्वयं लेने में सक्षम हो रही हैं।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
