panchayattantra24.-रायपुर। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रमेन डेका ने आज कोंडागांव प्रवास के दौरान जिला कार्यालय सभाकक्ष में जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक ली। राज्यपाल ने स्पष्ट किया कि माओवाद के प्रभाव में आई कमी के बाद बस्तर की परिस्थितियां अब बदल चुकी हैं। इस नए परिदृश्य में अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं।
बैठक के प्रमुख बिंदु और निर्देश
राज्यपाल डेका ने एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत सघन पौधरोपण और जल संचयन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि गांवों में वर्षा से पूर्व और पश्चात के जल स्तर का वैज्ञानिक आकलन किया जाए। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनने वाले घरों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग संरचना को अनिवार्य रूप से शामिल करने पर जोर दिया।
आजीविका और महिला सशक्तिकरण
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के लिए राज्यपाल ने महिला स्व-सहायता समूहों के उत्पादों की वैल्यू एडिशन और बेहतर मार्केटिंग चेन विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जैविक खेती को बढ़ावा देने और इसकी सप्लाई चेन को सुदृढ़ करने की बात कही।
स्वास्थ्य एवं सामाजिक कल्याण
महिलाओं और बालिकाओं के स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए राज्यपाल ने 08 मई को विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए, जिसमें मुख्य रूप से स्तन कैंसर (Breast Cancer) की स्क्रीनिंग की जाएगी। इसके साथ ही टीबी उन्मूलन, नशा मुक्ति और रेडक्रॉस की सदस्यता बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। विद्यार्थियों में अनुशासन और देशभक्ति की भावना जागृत करने के लिए एनसीसी (NCC) का विस्तार करने और योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए गए।
विशेष पिछड़ी जनजातियों पर ध्यान
राज्यपाल ने प्रधानमंत्री जन-मन योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए कहा कि जिले के विशेष पिछड़ी जनजाति समूहों को शासन की सभी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ मिलना चाहिए, ताकि उनके जीवन स्तर में सकारात्मक सुधार आए।
बैठक के अंत में उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम जनता की समस्याओं का निराकरण केवल नियमों से नहीं, बल्कि मानवीय संवेदना के साथ किया जाना चाहिए। बैठक में कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना और पुलिस अधीक्षक श्री आकाश श्रीश्रीमाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
