
पंचायत तंत्र-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि निगम, मंडल, आयोगों और संसदीय सचिवों की घोषणा आलाकमान करेगी। संसदीय सचिव के मामले में हाईकोर्ट के दिशा-निर्देश के मुताबिक ही काम होगा। सीएम ने कहा कि कोल ब्लॉक नीलामी के माध्यम से हमारे राज्य के संसाधनों पर कब्जा हो रहा है। हमने भी केन्द्र को पत्र लिखकर बताया है कि केन्द्र की नई नीति से राज्य को 9 हजार 6 सौ करोड़ का नुकसान हो रहा है। उन्होने कहा कि इस मामले में वन मंत्री द्वारा भी केन्द्र को पत्र लिखा गया है।
20 अगस्त को न्याय योजना की दूसरी किस्त
वहीं इससे पहले कांग्रेस भवन में हुई बैठक में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि सभी गौठानो में आजीविका केंद्र खोले जाएंगे। वहीं 20 अगस्त को न्याय योजना की दूसरी किस्त किसानों के खाते में पहुंचेगी। गरीब कल्याण योजना में छत्तीसगढ़ को नहीं शामिल करने पर उन्होने कहा कि केंद्र सरकार सिर्फ पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाने में लगी रहती है। केंद्र की हर गतिविधि चुनाव से जुड़ी रहती है, केंद्र के पास सारे रिकार्ड हैं फिर भी उन्हे चुनाव देखना है। मुख्यमंत्री बघेल ने कहा इस बार अच्छी फसल की उम्मीद है।
22 जिलों में बनेंगे कांग्रेस भवन, सोनिया-राहुल करेंगे डिजीटली शिलान्यास
मुख्यमंत्री बघेल ने कहा, छत्तीसगढ़ में लॉकडाउन के दौरान भी खदानें संचालित रहीं। हमने मनरेगा का काम कभी बंद नहीं किया। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने मनरेगा के भुगतान में देरी की है। कई महीनों का भुगतान हमने सरकार में आने के बाद किया। मुख्यमंत्री बघेल ने बताया कि 22 जिलों में कांग्रेस भवन बनेंगे। इनका सोनिया गांधी और राहुल गांधी 20 अगस्त को शिलान्यास करेंगे। 20 अगस्त को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती है। साथ ही स्पष्ट किया कि, कार्यकर्ताओं के सहयोग से कांग्रेस भवन बनेंगे।
गोबर पवित्र, भाजपा भी नहीं कर पा रही विरोध
सीएम ने कहा कि अजय चंद्राकर के बारे में काफी कुछ कहा जा चुका है। भाजपा इसका विरोध नहीं कर पा रही है उसने एक व्यक्ति को विरोध के लिए सामने कर दिया है। गोबर पवित्र वस्तु है। पूजा-पाठ और सभी धार्मिक काम में गोबर का उपयोग करते हैं। घर का चूल्हा भी गोबर से लीपा जाता है। इस पवित्र चीज के बारे में यदि ऐसा कहते हैं तो उसकी मानसिकता क्या होगी इसके बारे में कुछ नहीं कहना है। बैठक में धनेन्द्र साहू, रविन्द्र चौबे, सत्यनारायण शर्मा, छाया वर्मा, फूलोदेवी नेताम, गिरीश देवांगन, रामगोपाल अग्रवाल, चंद्रशेखर शुक्ला, राजेन्द्र तिवारी आदि शामिल हुए।
पीएम मोदी की हर गतिविधियां चुनावी
सीएम भूपेश बघेल ने एक बार फिर पीएम मोदी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि मोदी की हर गतिविधि चुनावी होती है। उन्हें देश की जनता और उनकी भावनाओं से कोई मतलब नही है। चीन के मामले में मोदी झूठ न बोलें और लोगों की भावनाओं से खिलवाड़ न करें। राजीव भवन में जिला कांग्रेस अध्यक्षों की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में सीएम भूपेश ने कहा कि जवान तो हमारे शहीद हुए हैं और उनका ध्यान बिहार चुनाव पर था। जब सीमा पर हमला हो रहा था तब वे बिहार में सभा को संबोधित कर रहे थे। गलवान मामले में पीएम,रक्षा मंत्री, विदेश मंत्री तीनों के बयान में अंतर है। उन्हें यह साफ करना चाहिए कि झूठ कौन बोल रहा है। सीएम ने गरीब कल्याण योजना में राज्य को शामिल नहीं करने और स्थानीय भाजपा नेताओं द्वारा बयानबाजी पर कहा कि यहां के सांसदों और भाजपा नेताओं की पीएम के सामने बोलने की हैसियत नहीं है इसलिए वे यहां कुछ का कुछ बोलते हैं। हमारे राज्य में 40 फीसदी आबादी गरीब हैं, 36 लाख मनरेगा में काम कर रहे हैं सबका रिकार्ड उनके पास है। इसके बाद भी योजना में शामिल नहीं किया गया है।
संसदीय सचिव को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमाई, सीएम का डॉ. रमन पर पलटवार
संसदीय सचिव को लेकर सूबे की सियासत गरमाई हुई है। संसदीय सचिव का विरोध करने वाली कांग्रेस सत्ता में आते ही संसदीय सचिव की वकालत करने लगी और अब डेढ़े साल की सरकार में संसदीय सचिवों की नियुक्ति करने जा रही है। जिस पर पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह द्वारा दिये गए बयान को लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पलटवार किया है। भूपेश बघेल ने कहा कि रमन सिंह पहले तय कर लें कि उन्हें राष्ट्र्रीय स्तर पर बयान देना है कि प्रदेश स्तर पर। उनको राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है लेकिन प्रदेश उपाध्यक्ष के तौर पर बयान दे रहे हैं। पहले वो भूमिका तय कर लें। उनको बोलने का अधिकार ही नही है, जो वादा किया था उसे पूरा नहीं किया। हर वर्ग को ठगने का काम उन्होंने किया है। उनको सवाल पूछने का हक ही नहीं है।
सिंहदेव ने भूपेश बघेल की कप्तानी की तारीफ की
स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ दरार की खबरों का खारिज़ किया है. सिंहदेव ने कहा कि अब भूपेश बघेल उनके कप्तान हैं और वे उनकी टीम के खिलाड़ी। किसानों को धान के अतिरिक्त राशि का भुगतान समय से न होने की सूरत में इस्तीफा देने की बात टीएस सिंहदेव ने कही थी. उनके इस बयान को भूपेश और टीएस के बीच दरार के तौर पर देखा गया था। उन्होंने कहा कि उनके औऱ भूपेश बघेल के बीच भूमिकाएं बदल गई हैं। पहले विपक्ष में रहते हुए दोनों साथ-साथ थे। लेकिन इस भूमिका में भूपेश बघेल के साथ प्रदेश अध्यक्ष के रुप में मोहन मरकाम हैं। उन्होंने कहा कि रोल बदलने की वजह से दोनों के बीच गैप दिख रहा होगा। जो स्वाभाविक है। टीएस सिंहदेव ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कप्तानी की तारीफ की। सिंहदेव ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री का रवैया ठीक नहीं होता तो उनके विभाग की परफॉर्मेंस ठीक नहीं हो पाती. टीएस सिंहदेव ने कहा कि उनके पंचायत, स्वास्थ्य, मनरेगा,में अच्छा काम भूपेश बघेल के सहयोग की वजह से ही हो पा रहा है. टीएस ने कहा कि कप्तान कहेगा कि बैटिंग ही नहीं दूंगा तो खिलाड़ी कैसे रन बना सकता है. आज संबंध बाधित नहीं है तभी परफॉर्मेंस ठीक है।
