स्कूल खुलने के पहले ही दिन आशीबाई गोलछा उच्चतर माध्यमिक शाला एवं प्राथमिक शाला भलेसर में मनाया गया शाला प्रवेशोत्सव
बच्चों को तिलक लगाकर व मिठाई खिलाकर किया गया स्वागत
panchayattantra24.-महासमुंद । नए शिक्षण सत्र की शुरुआत के साथ ही जिलेभर के विद्यालयों में शाला प्रवेशोत्सव उत्साह पूर्वक मनाया गया। इसी क्रम में आज आशीबाई गोलछा उच्चतर माध्यमिक शाला, महासमुंद और प्राथमिक शाला भलेसर में शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक-रोली लगाकर तथा मिठाई खिलाकर आत्मीय स्वागत किया गया। साथ ही विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तक एवं गणवेश भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह शामिल हुए। इस अवसर पर जिला स्काउट गाइड संघ के अध्यक्ष श्री ऐतराम साहू, शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्री संदीप दीवान एवं जिला शिक्षा अधिकारी श्री बी.एल. देवांगन, डीएमसी श्री रेखराज शर्मा सहित विद्यालय के प्राचार्य श्री जी.आर. सिन्हा, श्री नीलम दीवान, श्री अनुज पांडेय, श्री आनंद गिरी गोस्वाीम, श्री हरबंश सिंह ढिल्लो, श्रीमती सीता डोंडेकर, सुधा साहू, शिक्षक, पालक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री लंगेह ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें विद्यालय जीवन की नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पालकों से बच्चों की नियमित पढ़ाई एवं विद्यालय उपस्थिति सुनिश्चित करने का आह्वान किया। कलेक्टर ने विद्यालय प्रबंधन को निर्देशित किया कि मध्याह्न भोजन योजना का लाभ सभी पात्र विद्यार्थियों तक पहुंचे तथा गणवेश वितरण की प्रक्रिया पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न की जाए। उन्होंने शाला विकास समिति एवं पालकों से विद्यालय की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने का आग्रह भी किया। कलेक्टर ने विद्यार्थियों को मोबाइल और टीवी के अत्यधिक उपयोग से बचने तथा अध्ययन एवं खेलकूद पर अधिक ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने विद्यालयों को समय पर संचालित करने, नियमित मध्यान्ह भोजन वितरण एवं निःशुल्क गणवेश उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
जिला स्काउट गाइड संघ के अध्यक्ष श्री ऐतराम साहू ने कहा कि शाला प्रवेशोत्सव बच्चों में शिक्षा के प्रति उत्साह और आत्मविश्वास का संचार करता है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों को निःशुल्क पुस्तकें और गणवेश उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे वे सत्र के पहले दिन से ही अध्ययन प्रारंभ कर सकें। उन्होंने कहा कि विद्यालय बच्चों के सर्वांगीण विकास का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है और प्रत्येक शिक्षक की जिम्मेदारी है कि वे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करें।
शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्री संदीप दीवान ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे मन लगाकर पढ़ाई करें तथा मोबाइल एवं अन्य गैजेट्स का सीमित उपयोग करें। वहीं डीएमसी श्री रेखराज शर्मा ने शैक्षणिक कैलेंडर के अनुरूप सभी गतिविधियों का संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पालकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें ताकि जिले में ड्रॉपआउट दर को शून्य किया जा सके। जिले के सभी विकासखंडों में शाला प्रवेशोत्सव के माध्यम से नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत किया गया, जिससे विद्यालयों में उत्साह और उमंग का वातावरण रहा।
प्राथमिक शाला भलेसर प्रवेशोत्सव में सरपंच श्री सेवा राम कुर्रे, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री लीलाधर सिन्हा, श्री भोपाल बंजारा, एपीसी श्रीमती संपा बोस, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती तारिका कुंजाम, श्रीमती हीना धालेन तथा बीआरसीसी श्री जागेश्वर सिन्हा, सीएसी श्री ए. चन्द्रशेखर डोरा, शिक्षक श्रीमती दुर्गा यादव, एसएमसी सदस्य, पालकगण तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
