
पंचायत तंत्र- रायपुर । राजस्थान सरकार को गिराने की कोशिशों के खिलाफ प्रदेश कांग्रेस ने सोमवार को राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा । कांग्रेस नेताओं ने राजस्थान में विधानसभा का सत्र तत्काल बुलाने के लिए छत्तीसगढ़ की जनता की आवाज को राष्ट्रपति तक पहुंचाने का आग्रह किया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकम के साथ-साथ पूर्व मंत्री सत्यनारायण शर्मा और धनेंद्र साहू के नेतृत्व में पार्टी के एक प्रतिनिधि मंडल ने राज्यपाल से मुलाकात की। उन्होंने ज्ञापन सौंपकर कहा कि राजस्थान में लोकतांत्रिक तरीके से निर्वाचित कांग्रेस के अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली सरकार को जिस तरह से गिराने का कुचक्र भाजपा के सहयोग से किया जा रहा है वह अलोकतांत्रिक तथा संवैधानिक मूल्यों की हत्या करने के समान है। देश में सत्ता के लिए जिस तरह की संस्कृति को जन्म दिया जा रहा है। वह अक्षम्य है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि देश के विभिन्न राज्यों मध्यप्रदेश, कर्नाटक, गोवा, मणिपुर, मेघालय के पश्चात राजस्थान में जिस तरह से भाजपा के कुसित रणनीति से विषम स्थिति उत्पन्न की जा रही है तथा लोकतांत्रिक व संवैधानिक मूल्यों की हत्या कर भाजपा की सरकार बनाने का उपक्रम किया जा रहा है, वह देश देशवासियों एवं प्रजातंत्र के लिए घातक है, जिसकी जितनी निंदा की जाए कम है। पार्टी ने मांग की है कि देश के संवैधानिक और प्रजातांत्रिक ढंाचों को बनाए रखने की मांग करते हुए राजस्थान में विधानसभा का विशेष सत्र तत्काल बुलाया जाए तथा अलोकतांत्रिक कृत्य पर रोक लगाते हुए प्रकरण में हस्तक्षेप करने की कृपा करें। लोकतंत्र तथा संवैधानिक मूल्य को बचाने के लिए छत्तीसगढ़ के आवाम की आवाज को देश के मुखिया राष्ट्रपति तक पहुंचाने की मांग की है।
