
पंचायत तंत्र- रायपुर । लॉकडॉउन के नियमों का उल्लघंन करना लोगों को भारी पड़ रहा है. राजधानी में लगातार जुर्माने के साथ दुकानें सील करने की कार्रवाई की जा रही है. आज निगम जोन-8 में सीमेंट दुकान एवं कार वाशिंग सेन्टर खोलने पर निगम की टीम ने 5500 रुपए का जुर्माना लगाया है. दुकानें बंद करवाकर अगली बार नियमों का उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी दी है ।
नगर निगम राजस्व विभाग की टीम ने पुलिस के साथ मिलकर जोन-8 के बाजार क्षेत्र में अभियान चलाया. सोनडोंगरी में मां खल्लारी टेडर्स सीमेंट, छड़ विक्रय की दुकान को लॉकडाउन नियम तोडकर बिना अनुमति खोलने पर संबंधित संचालक पर तत्काल 5 हजार रूपए का जुर्माना लगाया गया. पुलिस की टीम की उपस्थिति में दुकान को तुरंत बंद करवाया गया ।
इसी प्रकार बरसाना इनक्लेव परिसर के समीप मुख्य मार्ग पर स्थित कार वाशिंग सेन्टर को लॉकडाउन नियम तोड़कर बिना अनुमति खोले जाने पर 500 रूपए का जुर्माना करके तत्काल बंद करवाने की कार्रवाई चेतावनी देकर की गई ।
