
पंचायत तंत्र- रायपुर । केंद्र सरकार ने स्मार्ट सिटी मिशन के तहत साइकिल्स फॉर चेंज चैलेंज्ड कार्यक्रम की शुरुआत की है। अब रायपुर स्मार्ट सिटी भी इस कार्यक्रम से जुड़ गई है। रायपुर देश के उन 95 शहरों में से एक है, जिसने इस चुनौती को पूरा करने के लिए स्वयं को पंजीकृत किया है। जानकारी के अनुसार इंस्टिट्यूट फॉर ट्रांस्पोर्टेशन एंड डेवलपमेंट पॉलिसी इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में इन सभी शहरों के मार्गदर्शन के लिए नॉलेज पार्टनर है। चैलेंज के अंतर्गत सभी पंजीकृत स्मार्ट सिटी सुरक्षित और साइकिल्स अनुकूल शहर विकास के लिए त्वरित कार्य योजना को लागू करेंगी। वहीं स्मार्ट सिटी रायपुर सामुदायिक सहभागिता को शामिल करने के लिए आम नागरिकों का सहयोग लेगी।
उल्लेखनीय है कि गत 25 जून को इंडिया साइकिल्स फॉर चेंज चैलेंज की घोषणा स्मार्ट सिटी मिशन की 5वीं वर्षगांठ के अवसर पर की है। इसका उद्देश्य कोविड-19 के दौर में बनी परिस्थितियों में त्वरित साइकिल चालन और इसके अनुकूल पहल को लागू करने के लिए प्रेरित और सहभागिता प्राप्त करना है।
वहीं इस कार्यक्रम के चैलेंज दो चरणों में होंगे। पहला चरण एक अक्टूबर तक होगा। इसमें शहरों में पॉपअप साइकिल्स लेन, जन सुझाव आमंत्रित करना, सर्वेक्षण आयोजित कर साइकिल चालन को प्रेरित करने के लिए अभियान चलाया जाएगा, जहां सपोर्ट योर सिटी पोर्टल लॉन्च किया है। इसके अंतर्गत उपलब्ध फार्म को भरकर आम नागरिक, सामाजिक और स्वयंसेवी संस्थाएं, संगठन, छात्र-छात्राएं, सलाहकार और कार्पोरेट जगत से जुड़े लोग इस चैलेंज में अपनी भूमिका एवं सहभागिता की जानकारी दे सकेंगे।
