सांसद महेश कश्यप ने किया ध्वजारोहण, शहीद जवानों के परिजनों और उत्कृष्ट सेवाओं के लिए अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित
panchayattantra24.-रायपुर। नक्सल हिंसा के लंबे दौर से बाहर निकलकर शांति और विकास की नई राह पर आगे बढ़ रहे बीजापुर में नक्सल मुक्त होने के बाद पहला स्वतंत्रता दिवस उत्साह और गौरव के साथ मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह मिनी स्टेडियम में आयोजित हुआ। बस्तर सांसद महेश कश्यप ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के बाद रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े गए।
सांसद कश्यप ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का प्रदेशवासियों के नाम संदेश पढ़कर सुनाया। उन्होंने राष्ट्र निर्माण और जिले के विकास में सभी से सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
समारोह में नक्सल उन्मूलन अभियान में शहीद जवानों के परिजनों को शॉल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। वहीं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
परेड में बस्तर फाइटर महिला अव्वल रही। सीआरपीएफ बीजापुर दूसरे और डीआरजी जिला पुलिस तीसरे स्थान पर रही। जूनियर असैन्य वर्ग में एनसीसी ने पहला, एनएसएस ने दूसरा और गाइड ने तीसरा स्थान हासिल किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय बीजापुर प्रथम, एकलव्य आदर्श विद्यालय द्वितीय और कन्या रेसिडेंशियल पोटा केबिन तृतीय रहा। सांसद महेश कश्यप, कलेक्टर विश्वदीप और एसपी उमेश प्रसाद गुप्ता ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए।
समारोह में विधायक विक्रम शाह मंडावी, जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा, नगरपालिका अध्यक्ष गीता सोम पुजारी सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। मिनी स्टेडियम में लहराता तिरंगा शांति, विकास और नए बीजापुर के संकल्प का प्रतीक बना।
