panchayattantra24.- खैरागढ़। शहर में चाकू-छुरी और धारदार हथियारों के संभावित दुरुपयोग को लेकर खैरागढ़ पुलिस ने अब मोर्चा खोल दिया है। पुलिस ने विशेष अभियान शुरू कर नाबालिगों और युवाओं को हथियारों से दूर रहने की समझाइश दी है। साफ संदेश है कि सार्वजनिक जगह पर हथियार लेकर घूमे या प्रदर्शन किया तो कार्रवाई तय है।
पुलिस की नजर सिर्फ हथियार रखने वालों पर नहीं, बल्कि हथियारों की सप्लाई और तैयार करने वालों तक पहुंच गई है। हार्डवेयर और बर्तन दुकानदारों को नाबालिगों या संदिग्ध लोगों को चाकू-छुरी बेचते समय विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। संदिग्ध खरीददार दिखे तो तत्काल पुलिस को सूचना देने कहा गया है। चाकू में धार लगाने वाले कारीगर और वेल्डिंग-फैब्रिकेशन संचालक भी पुलिस के रडार पर हैं। किसी संदिग्ध व्यक्ति द्वारा हथियार बनवाने, मरम्मत कराने या धार लगवाने की कोशिश किए जाने पर पुलिस को तत्काल सूचना देने की हिदायत दी गई है। नाबालिगों को हथियार उपलब्ध कराने वालों की भूमिका सामने आने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
ऑनलाइन शॉपिंग एप के गोदाम संचालकों को भी पुलिस ने किया अलर्ट
ऑनलाइन शॉपिंग एप के गोदाम संचालकों और कर्मचारियों को भी पुलिस ने अलर्ट किया है। चाकू, छुरी या अन्य धारदार वस्तुओं की संदिग्ध या बार-बार होने वाली मांग पर नजर रखने और उपलब्ध रिकॉर्ड सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस का मकसद है कि हथियार अपराधियों या नाबालिगों तक पहुंचने से पहले ही संदिग्ध गतिविधि पकड़ ली जाए। खैरागढ़ पुलिस ने दो टूक कहा है कि अवैध हथियार रखना, हथियार लेकर घूमना, सार्वजनिक स्थान पर प्रदर्शन करना या उससे भय का माहौल बनाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आम नागरिकों और व्यापारियों से भी अपील की गई है कि हथियारों से जुड़ी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। यानी साफ है, खैरागढ़ में चाकू-छुरी का खेल चला तो पुलिस की नजर से बचना आसान नहीं होगा।
