धनेन्द्र साहू ने लगाया गड़बड़ी का आरोप, जल संसाधन मंत्री ने कहा- होगी सख्त कार्रवाई

पंचायत तंत्र- रायपुर। गरियाबंद जिले में स्थित तालझोर नाला स्टापडैम की मरम्मत का मामला शुक्रवार को सदन में उठा। कांग्रेस विधायक धनेंद्र साहू ने गड़बड़ी का आरोप लगाया। इस पर जल संसाधन मंत्री रविंद्र चौबे ने मामले की विभाग के ईएनसी से जांच कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि गड़बड़ी मिली तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले विधायक साहू ने कहा कि वहां बांध बह गया था। मेरे सवाल लगाने के बाद बोरी में मिट्टी भरकर मरम्मत की गई है। लीपापोती करके गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने इसकी जांच की मांग की। इस पर मंत्री चौबे ने बताया कि वहां केवल चार मीटर मिट्टी का बंड पिछली बारिश में बह गया था। उसकी मरम्मत की गई है। इससे मुख्य स्ट्रक्चर को कोई नुकसान नहीं हुआ है। इस पर साहू ने कहा कि वहां बड़े-बड़े करोड़ों रुपये के काम चल रहे हैं, लेकिन कोई अधिकारी उन्हें देखने नहीं जाता। इस पर मंत्री ने ईएनसी को भेजकर पूरे मामले की जांच कराने की घोषण की। साहू ने कहा कि वहां के कार्यालन यंत्री ने वर्ष 2017-18 में एक लाख 66 हजार के 80 काम पीस वर्क पद्धति से दे दिया। 2018-19 में एक करोड़ 64 लाख से अधिक का काम भी बिना टेंडर के नियम विरुद्ध पीस वर्क पद्धति से कराया। साहू ने स्थल निरीक्षण कराने और जांच की मांग की। इस पर मंत्री चौबे ने बताया कि दो वर्ष में करीब चार करोड़ के काम पीस वर्क में कराए गए हैं तो मैं सबसे पहले उसको विभाग से दिखवा लूंगा और अगर ऐसी परिस्थिति हुई तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की करुंगा। इस सवाल के दौरान भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने भी कुछ टिप्पणी की। इस पर मंत्री चौबे ने चंद्राकर से कहा कि आपके सामने वाले (बृजमोहन अग्रवाल) अगर आए होते तो आप इतना जोर से नहीं बोलते। पांच साल के उन्हीं के कार्यकाल में तीन सौर एनीकट बनाया गया। 1600 करोड़ रुपये खर्च किए गए। उसीके लगातार बहने की बात हो रही है। इस पर चंद्रकार ने कहा कि तो कार्रवाई करिए न। इस पर चौबे न कहा कि उनकी गैर- हाजिरी में आप जोर से बोल रहे हैं।
