
पंचायत तंत्र- रायपुर । बैंड, धुमाल, घोड़ी बग्गी वालों ने आज रायपुर के बूढ़ातालाब स्थित धरना स्थल पर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया. इस दौरान धुमाल पार्टी वालों ने कहा कि सबका काम शुरू हो गया है, सिर्फ हम लोगों को ही काम शुरू करने की अनुमति नहीं मिली है. इसलिए सरकार से अनुरोध है कि हमें भी जल्द काम शुरू करने की अनुमति दी जाए ।
चंदू धुमाल संचालक चंदू कौशिक ने बताया कि हम लगातार धरना दे रहे हैं, सरकार की तरफ से कोई हमें गाइड लाइन नहीं मिला है. हम कई बार ज्ञापन दे चुके हैं. सभी मार्केट खुल चुके हैं, जिम खुल चुके हैं सभी को सामाजिक दूरी बनाकर काम करने कहा जाता है, लेकिन गोल बाजार में भारी संख्या में व्यापारी भीड़ जमा कर खड़े होते हैं, सभी दुकानें एक दूसरे से सटी हुई है, हम दूर-दूर पर काम करने को तैयार है, फिर भी हमें कोई मौका नहीं दिया जा रहा है ।
अध्यक्ष गौतम महानंद ने बताया कि हमें बेरोजगार हुए लगभग 8 महीने हो चुके हैं. हम सभी के पास ज्ञापन सौंप चुके हैं लेकिन हमें किसी भी तरह का कोई आश्वासन नहीं दिया जा रहा है. हमने 25 तारीख को भी रैली निकाली थी, हमें आश्वासन दिया गया था कि गणेश चतुर्थी में हमें बजाने की अनुमति मिलेगी, लेकिन हम जब परसों पहुंचे तो कहा गया कि आप लोग बैड, धुमाल नहीं बजा सकते, आप रोड पर नहीं निकल सकते, हमारे साथ ही नाइंसाफी क्यों किया जा रहा है? सभी दुकानों को खोलने की अनुमति दी जा रही है तो सिर्फ हमारे साथ ऐसा व्यवहार क्यों किया जा रहा है ।
