
पब्लिकयूवाच -रायपुर । छत्तीसगढ़ में कोरोना बेकाबू होते जा रहा है। संक्रमितों की बढ़ती संख्या के चलते पहले से फुल एम्स और अंबेडकर हास्पीटल सहित तमाम कोविड अस्पतालों में मरीजों को भर्ती नहीं किया जा रहा है। विवशता में बिना लक्षण वाले मरीजों को चार दिन में ही छुट्टी दे दी जा रही है। हालात को बिगड़ते देख हेल्थ विभाग ने कुछ प्राइवेट अस्पतालों को भी कोरोना के इलाज के लिए अधिकृत कर दिया है। लेकिन निजी अस्पतालों और डाक्टरों की गैरजिम्मेदार रवैये के कारण संक्रमितों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है। निजी अस्पताल या तो मरीजों को भर्ती नहीं कर रहे हैं और जिन्हें भर्ती कर रहे हैं उनसे मनमाने पैकेज मांग रहे हैं जबकि सरकार ने पहले ही निजी अस्पतालों में कोरोना के इलाज के लिए पैकेज निर्धारित कर दिया है। कोरोना काल में सबसे ज्यादा परेशानी दिगर गंभीर बीमारी वाले मरीजों को सर्वाधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। सरकारी अस्पतालों में अन्य बीमारियों का इलाज लगभग बंद ही है लेकिन निजी अस्पतालों में भी उन्हें उपचार नहीं मिल रहा है। ऐसी परेशानियों से जूझती एक वृद्धा ने कल अंबेडकर में दम तोड़ दिया ।
गंभीर मरीजों की मुश्किलें बढ़ीं
कोरोना संक्रमण के चलते जहां सरकारी अस्पतालों में दिगर बीमारी से ग्रस्त मरीजों की परेशानी बढ़ गई है? हार्ट, हेपेटाइटिस, लीवर, निमोनिया, ब्लडप्रेशर व मानसिक रोग के मरीज इलाज के लिए भटक रहे हैं। लेकिन निजी अस्पतालों में भी इन्हें उपचार नही मिल रहा है जिसके चलते कइयों को जान भी गवानी पड़ रही है। जबकि सरकार ने निजी व सरकारी दोनों अस्पतालों में अन्य बीमारियों से ग्रसित मरीजों का इलाज करने की छूट दी हुई है हालाकि भर्ती होने वाले सामान्य बीमारी वाले मरीज का कोविड टेस्ट अनिवार्य किया गया है बावजूद निजी अस्पतालों में न तो मरीजों को इलाज मिल रहा है और न ही मरीजों का कोविड टेस्ट कराया जा रहा है। प्राइवेट हॉस्पिटल के डॉक्टर और जनरल प्रैक्टिशनर किसी भी मरीज को न तो पास बुला रहे न जांच कर रहे, प्लास्टिक की आड़ लेकर छह फीट दूर से ही परेशानी पूछकर पुरानी बीमारी के आधार पर दवाई लिख कर देते हैं। निजी डॉक्टर आइसोलेशन सेंटरों में लोगों को सेवा देने में ही मनमानी कमाई करने में लगे हैं। आइसोलेशन की सुविधा देने वाले होटलों-सेंटरों से टाइयप कर ये लोग लोगों को सलाह और प्रिस्किपशन लिखने का मनमाना पैकेज वसूल रहे हैं। अस्पतालों में जगह नहीं है कहकर मरीजों को आइसोलेशन सेंटर भेज दिया जाता है और मनमाना पैसा लिया जाता है।
