
पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। वन विभाग के एक और अधिकारी को ब्लैकमेल कर 10 लाख रुपये की अवैध वसूली करने का मामला सामने आया है। मामले में अधिकारी की शिकायत के बाद पुलिस ने एक आरोपी के खिलाफ टिकरापारा थाना में अपराध दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक विनोद वर्मा नाम के व्यक्ति ने स्वयं को ईओडब्ल्यू का अफसर होने की धौंस दिखाकर दल्लीराजहरा वन मंडल परिक्षेत्र अधिकारी के पद पर कार्यरत राजेश नांदुरकर से 10 लाख रुपये की वसूली कर ली। बताया जा रहा है कि आरोपी ने वन अधिकारी को फोन कर उसके खिलाफ आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) में गंभीर शिकायत है कहकर मामला सुलझाने और जेल भेजने का भय दिखाकर पांच से छह किस्तों में नांदुरकर से 10 लाख रुपये वसूले।
पुलिस के अनुसार आरोपी विनोद वर्मा एएसआई है और वर्तमान में पुलिस लाइन में पदस्थ पदस्थ है। यह पहले जब ईओडब्लू में पदस्थ था ,तभी इसने वन विभाग के अधिकारी को फोनकर ईओडब्लू में तुम्हारे खिलाफ शिकायत होने की बात कही थी। इसने केस निपटाने के लिए पैसे की मांग की और पैसे नहीं देने पर कार्रवाई का भय दिखाया। फिर इसने कई किश्तों में प्रार्थी से 10 लाख रुपये ले लिए। वर्तमान में आरोपी विनोद वर्मा निलंबित है। कुछ महीने पहले एक पटवारी को भी एसीबी से होना बताकर ब्लैकमेल कर रहा था। पटवारी ने थाने में इसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी, जिसके बाद इसे निलंबित कर दिया गया था।
