
पंचायत तंत्र 24.com, रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य सरकार के अधीन कार्यरत छत्तीसगढ़ स्टेट पाॅवर जनरेशन कंपनी के विद्युत उत्पादन के मामलें में देशभर के 33 स्टेट पाॅवर सेक्टर के विद्युत संयंत्रों को फिर से पछाड़ दिया है। छत्तीसगढ़ के संयंत्रों ने चालू वित्तीय वर्ष में माह अक्टूबर तक 69.98 प्रतिशत पीएलएफ दर्ज करते हुए सर्वाधिक विद्युत उत्पादन का कीर्तिमान बनाया है। भारत सरकार के ऊर्जा मंत्रालय के अधीन कार्यरत केन्द्रीय विद्युत प्राधिकरण (सीईए) ने माह अक्टूबर 2020 के अपने प्रगति प्रतिवेदन में इसका खुलासा किया। प्रतिवेदन के अनुसार छत्तीसगढ़ विद्युत उत्पादन कंपनी के विद्युत गृहों ने 69.98 प्रतिशत पी.एल.एफ. प्रदर्शित किया जबकि राष्टीय स्तर पर देशभर के ताप विद्युत गृहों ने औसत 50.48 प्रतिशत पीएलएफ दर्ज किया है।
छत्तीसगढ़ विद्युत उत्पादन कंपनी के नाम दर्ज इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए माननीय मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पाॅवर कंपनी के चेयरमेन सुब्रत साहू एवं उत्पादन कंपनी के एमडी एन.के.बिजौरा सहित उनकी टीम को बधाई दी। राष्ट्रीय स्तर की इस उपलब्धि को चेयरमेन सुब्रत साहू ने प्रदेश हित में बहुपयोगी बताया तथा कंपनी के अधिकारियों/कर्मचारियों को ऐसी उत्कृष्ट कार्यशैली को बनाये रखने के लिए प्रेरित किया।
केन्द्रीय विद्युत प्राधिकरण की रिपोर्ट के मुताबिक देशभर के विद्युत गृहों में छत्तीसगढ़ को प्रथम, तेलंगाना राज्य को द्वितीय (66.68 प्रतिशत) तथा सिंगरेनी कोलियारिश निगम लिमिटेड (एससीसीएल) को तृतीय स्थान (61.95 प्रतिशत) प्राप्त हुआ। विदित हो कि छत्तीसगढ़ स्टेट पाॅवर जनरेशन कंपनी के विद्युत गृह बीते चार माह से बढ़त बनाये हुए राष्टीय स्तर पर अग्रणी बने हुए हैं। उल्लेखनीय है कि बीते आठ माह से देश के सभी राज्य कोरोना वायरस के संक्रमण से जूझ रहे है, ऐसे दौर में छत्तीसगढ़ विद्युत उत्पादन कंपनी के विद्युत गृहों द्वारा लगातार अधिकतम विद्युत उत्पादन करना उत्तम प्रबंधन का द्योतक है।
