Browsing: रायपुर

 

panchayattantra24.-रायपुर रायपुर। राजधानी रायपुर में पुलिस विभाग की शर्मनाक करतूतें थमने का नाम नहीं ले रहीं! होली के दूसरे दिन देवेंद्र नगर स्थित पारस नगर में शराब के नशे में धुत एक पुलिसकर्मी ने पूरे इलाके में आतंक मचा दिया। घटना दोपहर करीब 3 बजे की है, जब आरक्षक भरत सिंह ठाकुर (आर 2763) ने नशे की हालत में खड़ी गाड़ियों में टक्कर मारी और बेतहाशा हंगामा करने लगा। शराबी पुलिसकर्मी ने गाड़ियों को क्षतिग्रस्त करने के बाद घरों के सामने खड़े होकर जोरदार गाली-गलौच शुरू कर दी। इतना ही नहीं, जब लोगों ने इसका विरोध किया तो वह और उग्र हो गया और गाड़ियों में तोड़फोड़ करने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने इस उपद्रव का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
 

 
 

panchayattantra24.-रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जशपुर विकासखंड के श्याम पैलेस में आयोजित राष्ट्रीय कन्नौजिया सोनार महापरिवार जशपुर मंडल के प्रतिभा सम्मान समारोह में शामिल हुए। उन्होंने समाज को सामाजिक भवन के निर्माण के लिए 25 लाख रुपये की वित्तीय सहायता देने की घोषणा की। इस अवसर पर उन्होंने कक्षा 10वीं और 12वीं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले, आईआईटी और मेडिकल प्रवेश परीक्षा में सफलता पाने वाले होनहार छात्रों को प्रतीक चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने
 संबोधन में कहा कि सोनार समाज सामाजिक सेवा के क्षेत्र में अनुकरणीय कार्य कर रहा है। उन्होंने विशेष रूप से निशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर, निर्धन बेटियों के विवाह, रक्तदान शिविर और वृक्षारोपण जैसे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज सेवा के ये प्रयास दूसरों के लिए भी प्रेरणादायक हैं और इससे पूरे समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। शिक्षा को बताया सबसे बड़ा हथियार, कमजोर परिवारों की मदद का आह्वान 
मुख्यमंत्री  साय ने कहा कि शिक्षा व्यक्ति के जीवन को नई दिशा देती है और उसके रहन-सहन को संवारती है। उन्होंने सोनार समाज से अपील की कि वे अपने बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाएं और कमजोर परिवारों के बच्चों को भी पढ़ाई में सहयोग दें। उन्होंने कहा कि शिक्षा सबसे बड़ा हथियार है, जिससे न केवल व्यक्ति का भविष्य उज्ज्वल होता है, बल्कि पूरे समाज की प्रगति सुनिश्चित होती है। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि उनकी सरकार को बने 15 महीने हो चुके हैं, और इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की गारंटी को पूरा करने के लिए तेजी से कार्य किया जा रहा है। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, कृष्णा राय, डॉ. राम प्रताप सिंह, विजय आदित्य सिंह जूदेव, सोनार समाज के जिला अध्यक्ष विकास सोनी सहित बड़ी संख्या में सोनार समाज के लोग उपस्थित थे।
 

 panchayattantra24.-रायपुर। आज सुबह शहर की नई महापौर मीनल चौबे ने शहर के सबसे व्यस्ततम क्षेत्र सदर बाजार, कोतवाली थाना और एमजी रोड का निरीक्षण किया, जहां सफाई व्यवस्था का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान एमजी रोड स्थित मंजू ममता होटल प्रबंधन को सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
 

 
panchayattantra24.-रायपुर। विष्णुदेव साय की गरिमामयी उपस्थिति में नगर पालिका परिषद, जशपुरनगर के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अरविंद भगत एवं 20 वार्डों के पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह आज स्वामी आत्मानंद शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर जशपुर में सम्पन्न हुआ।इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को बधाई और शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि नगर की स्वच्छता, सुव्यवस्था और समृद्धि सुनिश्चित करने के लिए पार्षदगण अपनी पूरी ऊर्जा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें। नागरिकों की अपेक्षाओं पर खरा उतरना ही आपकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी होगी। 
 नगर विकास की दिशा में प्रभावी कार्य करने का आह्वान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नवनिर्वाचित पार्षदों से स्वच्छता, बुनियादी सुविधाओं और स्मार्ट शहर निर्माण की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन और नागरिकों के सहयोग से जशपुरनगर को एक आदर्श नगर बनाया जाएगा। शपथ ग्रहण के उपरांत विशिष्ट अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में सरगुजा क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष गोमती साय, विधायक रायमुनी भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, सरगुजा संभाग आयुक्त नरेंद्र दुग्गा, आईजी अंकित गर्ग, कलेक्टर रोहित व्यास, पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह, सहित कई गणमान्य व्यक्ति, अधिकारीगण, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
 

 panchayattantra24.-रायपुर। सीएम साय के मीडिया सलाहकार पंकज कुमार झा ने राहुल गांधी के बयान को लेकर कहा, कांग्रेस के कार्यकर्ता अब राहुल गांधीजी के लिए नया EVM हैं शायद, जिसे इन्हें दोषी ठहराना है। कांग्रेसियो को चाहिये कि उनके खिलाफ आपत्तिजनक बयान देने के विरुद्ध अपने नेता राहुल गांधी को पार्टी से बर्खास्त कर दे। उम्र भर गालिब यही भूल करता रहा, धूल चेहरे पे थी, आईना साफ करता रहा। कुछ दिन पहले@RahulGandhiजी ने गुजरात में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सरेआम अपमानित किया था, दुत्कारा था। साफ-साफ उन्होंने कांग्रेसियों की निष्ठा और ईमानदारी पर सवाल खड़े किये थे। इस तरह अपना खून-पसीना और जीवन देने वाले कार्यकर्ताओं के सम्मान के साथ खेल कर राहुल जी तो अज्ञात स्थान के लिये चल निकले। किंतु… किंतु, उसके बाद अब कांग्रेस में लगता है यह सिलसिला सा चल पड़ेगा। अभी छत्तीसगढ़ के पूर्व उप मुख्यमंत्री टी. एस. सिंहदेवजी को वही दुहराते सुना कि@INCIndiaमें ‘फूल छाप कांग्रेसी’ बड़ी संख्या में हैं। अब ये आरोप उनका स्वयं पर था या@bhupeshbaghelजी पर, ये तो वही जानें लेकिन पार्टी कार्यकर्ताओं के विरुद्ध यह एक खतरनाक परिपाटी सी चल पड़ी है। कांग्रेस को इसे पनपने से पहले ही रोकना होगा।
 राहुलजी हों या अन्य कोई नेता, उन्हें दो-तीन बात स्पष्ट तौर पर समझना होगा। अव्वल तो यह कि पार्टी कार्यकर्ता आपके कोई जरखरीद गुलाम नहीं होते। वे आपके आपकी पार्टी की विचारधारा(?), नीति, नीयत और विशेष कर नेतृत्व के आचार-विचार से प्रेरणा लेकर जुड़े होते हैं। अपना जीवन दिया होता है। अब जब संघर्ष के समय ही बार-बार आपके नेता अज्ञात यात्राओं पर चले जाया करें, स्वयं के लिये विलासितापूर्ण जीवन, घोटाले आदि, और कार्यकर्ताओं के लिए बॉस की तरह फटकार देते रहना हो, तो कौन आपसे जुड़ेगा आखिर? 
 आप कांग्रेस या उसके सहयोगी दलों के नेताओं पर नजर डालिये, एक से एक चरित्रहीन, घोटालेबाज, परिवारबाज और बदजुबान-बदतमीज लोग दिखेंगे आपको। ऐसे में कार्यकर्ता उनसे क्या ही प्रेरणा लेंगे भला? उसके बाद रोज-रोज उसके पर्व-त्यौहारों पर सवालिया निशान, उसकी संस्कृति और परंपराओं को लांछित करते रहना, जाति-धर्म आदि के आधार पर अपने ही पड़ोसियों और साथियों को गरियाने पर विवश करते रहना, होली-दीवाली, तीज-त्यौहार आदि पर यह अपेक्षा करना कि वह विद्वेश पैदा करे, अपनी ही पार्टी के अन्य मतावलंबियों के धर्म विरोधी बयानों का समर्थन करने जी-जान लगा दे, और बदले में मलाई सारी बड़े नेता गण चट करते रहे, कौन साथ आएगा आपके ऐसे में भई? और तब अगर साथ नहीं आए तो आप सरेआम कार्यकर्ताओं को बेईमान कहेंगे, वे आपका स्वागत करें और आप उन्हें उनके समाज और परिवार के सामने शर्मिंदा करें, यह केवल कांग्रेस या इंडी समूह ही नहीं, बल्कि किसी भी विचारधारा से जुड़े कार्यकर्ताओं का अपमान है। कांग्रेस या अखिलेश या तेजस्वी या कोई और… हर जगह यही हाल है। 
 कार्यकर्ताओं के अपमान की यह परिपाटी, जिसे राहुलजी ने नये सिरे से शुरू किया है, इसे फैशन बनने से पहले ही रोकना होगा। यह कांग्रेस का आंतरिक मामला बिल्कुल नहीं माना जा सकता है। यह देश भर में काम कर रहे कार्यकर्ताओं का अपमान है, चाहे वे किसी भी दल से जुड़े हों। अपनी कमियों पर ध्यान नहीं देकर सोरोस, हिंडनबर्ग, चीन आदि के एजेंडे पर खेलना, देश में विभाजनकारी और अलगाववादी तत्वों को लगातार मजबूत करना, हिंदुओं को गरियाना …. स्वयं में सुधार नहीं करना, और परिणाम अपेक्षित तौर पर विपरीत आने पर EVM जैसे अब कार्यकर्ताओं को ही जिम्मेदार बताना, उनके सम्मान से खेलना, इसकी जितनी निंदा की जाय, वह कम है। कांग्रेस के कार्यकर्ता अब राहुल गांधीजी के लिए नया EVM हैं शायद, जिसे इन्हें दोषी ठहराना है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को चाहिये कि आपत्तिजनक बयान के विरुद्ध अपने नेता को पार्टी से बर्खास्त कर दे। है कि नहीं?
 

 
panchayattantra24.-रायपुर। चैम्बर ऑफ कॉमर्स के निवर्तमान अध्यक्ष अमर पारवानी के बाद कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र जग्गी ने अपने पद से इस्तीफा देते हुए चुनाव मैदान से हटने का ऐलान कर दिया है. राजेंद्र जग्गी ने कहा कि चैंबर के इस सफर को यहीं विराम देने का निर्णय लिया हूं. 35 वर्षों से छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स के माध्यम से व्यापारियों की सेवा करने का जो अवसर मुझे मिला वह मेरे जीवन का एक अनमोल अध्याय रहा. इस दौरान संगठन की अनेक जिम्मेदारियों को निभाने का सौभाग्य प्राप्त हुआ और हर कदम पर आप सबका जो अपार स्नेह और सहयोग मिला वह मेरे लिए किसी आशीर्वाद से कम नहीं है. 
जग्गी ने कहा, विगत कार्यकाल में जब कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में सेवा देने का अवसर मिला, तब अमर पारवानी के नेतृत्व में व्यापारियों के हितों की रक्षा और संगठन की मजबूती के लिए समर्पित भाव से कार्य किया. जब अमर पारवानी ने चेंबर चुनाव से अपने कदम पीछे हटाए हैं तो मैं भी उनके साथ अपने इस सफर को यहीं विराम देने का निर्णय लेता हूं. चैंबर में किसी भी भूमिका में अब आगे नहीं रहूंगा, क्योंकि यह सफर आपके प्रेम, आपके विश्वास और आपकी ताकत से ही सार्थक था और अब इसे सम्मानजनक विराम देना ही उचित होगा, लेकिन मेरी यह यात्रा केवल पद तक सीमित नहीं थी. यह व्यापारियों के अधिकारों, उनके स्वाभिमान और उनके संगठन की गरिमा के लिए थी.
 

 
 panchayattantra24.-रायपुर। छग के वित्तमंत्री ओपी चौधरी ने दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल को जन्मदिन की बधाई दी, X में मंत्री ओपी ने कहा, दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के माननीय सांसद  विजय बघेल जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनायें। प्रभु श्रीराम जी से आपके खुशहाल, उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना है। राजनीतिक कैरियर विजय बघेल पहली बार 2000 में एक स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में भिलाई नगर परिषद के लिए चुने गए थे। उन्होंने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार के रूप में पाटन निर्वाचन क्षेत्र से 2003 का विधानसभा चुनाव लड़ा , लेकिन भूपेश बघेल से हार गए । फिर, उन्होंने भाजपा उम्मीदवार के रूप में 2008 का विधानसभा चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। ​​उन्होंने कांग्रेस के भूपेश बघेल को 7,842 मतों के अंतर से हराया और गृह मंत्री ननकी राम कंवर के संसदीय सचिव बने । फिर, बघेल ने भूपेश बघेल के खिलाफ 2013 का विधानसभा चुनाव लड़ा, लेकिन सीट बरकरार रखने में असफल रहे। 2019 के आम चुनाव में, उन्होंने दुर्ग से भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की प्रतिमा चंद्राकर के खिलाफ चुनाव लड़ा और 3,91,978 मतों के अंतर से जीत हासिल की।
 

 
panchayattantra24.- रायपुर. राजधानी में शांतीपूर्ण होली का त्यौहार पूरा होने के बाद आज पुलिस परिवार होली का जश्न मना रहे हैं. इस दौरान कलेक्टर गौरव कुमार सिंह, IG, SSP और कमिश्नर ‘मुन्नी बदनाम हुई…’ गाने पर ठुमके लगाते नजर आए. सभी पुलिस कर्मचारियों के साथ अधिकारियों ने भी नगाड़ा बजाया और रंगों में सराबोर होकर होली का आनंद लिया. बता दें, होली के दिन जब शहर के लोग अपने घरों में होली खेल रहे थे, तब पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी निभा रहे थे. कलेक्टर गौरव कुमार सिंह ने कहा, “पिछले 72 घंटों से पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी पर थे, जिनकी मुस्तैदी के कारण रायपुर में शांतिपूर्ण तरीके से होली मनाई गई. रायपुर वासियों की जागरूकता और भाईचारे की वजह से इस बार की होली में कोई अव्यवस्था नहीं हुई.”
कलेक्टर ने आगे कहा, “इनकी जिम्मेदारी निभाने के बाद अब होली मना रहे हैं, और इनका हौसला बनाए रखना हमारी जिम्मेदारी है. इसलिए आज हम सब मिलकर होली खेल रहे हैं.”
 

 

 panchayattantra24.-रायपुर। चेंबर चुनाव 2025 को लेकर व्यापारी एकता पैनल और जय व्यापार पैनल में समझौता हुआ है। व्यापारी एकता पैनल के प्रमुख राजेश वासवानी ने यह जानकारी दी कि तीन दिन पूर्व व्यापारी एकता पेनल एवं जय व्यापार पैनल के बीच चुनाव लड़ने की आम सहमति बनी। वरिष्ठजनों के मध्यस्थता से दोनों पैनल के वरिष्ठ सदस्यों से विचार विमर्श के बाद अध्यक्ष सतीश थौरानी, महामंत्री अजय भसीन ,कोषाध्यक्ष नितेश बरडिया का नाम तय किया गया है। 
यह तीनों प्रत्याशी दोनों पैनल के संयुक्त होंगे नामांकन पत्र यह तीनों प्रत्याशी जय व्यापार पैनल से भरेंगे इस आशय का प्रस्ताव सर्वसम्मति से तय किया गया ताकि व्यापारी समाज में एक जुटता का संदेश जाए। अन्य निर्वाचित एवं मनोनीत पदाधिकारी एवं जिलों के पदाधिकारी की चयन गुण दोष के आधार पर दोनों पैनल से चयन किया जावेगा अब दोनों पैनल के बीच सामानजय़ स्थापित हो चुका है दोनों पैनल की सक्रियता से व्यापारियों की समस्या का समाधान किया जावेगा ताकि चैंबर को एक नई ऊंचाई मिल सके।
 

जशपुर 14 मार्च 25/मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कांसाबेल विकास खंड के ग्राम टाटीडांड में होली के पावन अवसर पर सनातन समाज के दुर्गा देवी संत समाज द्वारा आयोजित अनुष्ठान में अपनी धर्म पत्नी श्रीमती कौशल्या साय के साथ शामिल हुए उन्होंने भगवान राधा कृष्ण की पूजा अर्चना कर प्रदेश की सुख समृद्धि और खुशहाली की कामना की इस अवसर पर गुरु महाराज स्व श्री धनपति पंडा के पुत्र श्री सहदेव पंडा उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि हर साल फागुन माह में होली के पावन पर्व पर सनातन समाज द्वारा अनुष्ठान का आयोजन किया जाता है। और मुख्यमंत्री वर्षों से होली के पावन अवसर में शामिल होते हैं।

उन्होंने सभी को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली रंगों और खुशियों का त्यौहार है सभी शान्ति और भाईचारे के साथ होली का पर्व मनाया।

उन्होंने कहा कि ग्राम टाटीडांड में होली के पावन पर्व पर सनातन समाज द्वारा अनुष्ठान का आयोजन किया जाता है। वे वर्षों से इस अनुष्ठान में शामिल होते हैं। उन्होंने सभी लोगों को छत्तीसगढ़ शासन की योजना का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 14 लाख लोगों को आवास बनाने के लिए स्वीकृत दी गई है। किसानों से धान खरीदी की जा रही है। और महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख महिलाओं को हर माह 1 हजार रूपए की राशि दी जा रही है। उन्होंने कहा कि आगामी 21 मार्च से 27 मार्च तक कुनकुरी विकास खंड में सबसे बड़े प्राकृतिक शिवलिंग मधेश्वर पहाड़ के पास महाशिवपुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है। देश के प्रसिद्ध कथा वाचक पंडित श्री प्रदीप मिश्रा कथा सुनाएंगे उन्होंने सभी को कथा सुनने के लिए आमंत्रित किया।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की धर्म पत्नी श्रीमती कौशल्या साय ने सभी को होली की शुभकामनाएं दी और अपने अनुभव साझा किए इस अवसर पर सनातन समाज के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित थे।