
पंचायत तंत्र- रायपुर । केंद्र सरकार के राम वनगमन सर्किट में छत्तीसगढ़ के किसी स्थान को शामिल नहीं करने पर अब राज्य सरकार व भाजपा आमने-सामने आ गई है। कृषि मंत्री रविंद्र चौबे ने कहा है कि छत्तीसगढ़ से भाजपा के इतने सांसद हैं। केंद्र की सरकार हमारी भी सरकार है, इसलिए हमें भी उम्मीद है। इसके जवाब में भाजपा सांसद सुनील सोनी ने कहा है कि राज्य सरकार ने प्रोजेक्ट तैयार कर लिया। इसके लिए बजट भी बता दिया, फिर बीच में केंद्र कहां से आया।
वरिष्ठ मंत्री चौबे ने गुरुवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि राज्य सरकार ने राम वनगमन पथ के लिए डिटेल प्रोजेक्ट तैयार कर लिया है। इसके लिए राशि स्वीकृत कर दी है। टेंडर की प्रक्रिया चल रही है। उम्मीद है कि केंद्र सरकार राम वन गमन सर्किट में छत्तीसगढ़ को शामिल करेगी। इसके जवाब में रायपुर के सांसद सोनी ने कहा कि 14 माह में सीएम या किसी मंत्री ने किसी प्रोजेक्ट को लेकर बात नहीं की है। वे केंद्र की योजना को छत्तीसगढ़ लाने के लिए सांसद बने हैं, रोकने के लिए नहीं, लेकिन राज्य सरकार को संवाद करना चाहिए। केंद्र पर आरोप लगाना बेइमानी है।
