panchayattantra24.-रायगढ़। जिले के जूटमिल क्षेत्र में बीती रात पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक बैंक लूट की बड़ी वारदात टल गई। जूटमिल पुलिस की टीम प्रतिदिन की तरह रात्रि गश्त पर थी और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार क्षेत्र के बैंक एवं एटीएम की नियमित जांच की जा रही थी। इसी दौरान पेट्रोलिंग में लगे आरक्षक परमानंद पटेल एवं समीर बेक अपने निजी वाहन से कोड़ातराई स्थित बैंक की ओर जा रहे थे, तभी पटेलपाली स्थित पंजाब नेशनल बैंक के बाहर एक संदिग्ध चार पहिया वाहन खड़ी दिखाई दी और बैंक की लाइट बंद होने से उन्हें संदेह हुआ।
दोनों आरक्षक तत्काल बैंक की ओर पहुंचे, पुलिसकर्मियों को आता देख बाहर खड़ी गाड़ी को चालक ने स्टार्ट किया और तभी बैंक की ओर से एक व्यक्ति भागते हुए आकर वाहन में बैठा और तेजी से शहर की ओर फरार हो गया। स्थिति को गंभीर मानते हुए आरक्षकों ने तत्काल थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक अभिनवकांत एवं पेट्रोलिंग में लगे प्रधान आरक्षक रामनाथ बनर्जी को सूचना दी। सूचना मिलते ही टीआई जूटमिल अभिनवकांत सिंह, प्रधान आरक्षक रामनाथ बनर्जी एवं थाना स्टाफ रायफल के साथ घेराबंदी के लिए मौके पर पहुंचे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन पर तत्काल रात्रि गश्त अधिकारी डीएसपी सुशांतो बनर्जी, उप निरीक्षक संजय नाग, आरक्षक जगमोहन ओग्रे सहित विभिन्न थानों का रात्रि गश्त स्टाफ भी मौके पर पहुंचा । प्रारंभिक जांच में अज्ञात आरोपियों द्वारा बैंक का चैनल गेट तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया था। आरोपियों ने बैंक के दो डीवीआर निकाल लिए हैं, बाहरी सीसीटीवी कैमरों को क्षतिग्रस्त किया गया है तथा बैंक के चेस्ट और लॉकर से लगी दीवार को तोड़ने का प्रयास किया गया है, हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई के कारण आरोपी अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके और मौके से फरार हो गए। पूरे घटनाक्रम में जूटमिल पुलिस की सतर्कता, सूझबूझ और त्वरित रिस्पॉन्स के चलते एक बड़ी बैंक लूट की घटना को समय रहते विफल कर दिया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने थाना प्रभारी जूटमिल सहित पूरी टीम की कार्यशैली की सराहना करते हुए उनके उत्साहवर्धन के लिए नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
