KWNS – व्यास पाठक, रायपुर। राजधानी रायपुर के चर्चित हिस्ट्रीशीटर रोहित तोमर को कोतवाली पुलिस ने एक बार फिर गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई वर्ष 2019 के एक पुराने मामले में अदालत द्वारा जारी स्थायी वारंट के आधार पर की गई। गिरफ्तारी के बाद रोहित तोमर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
रोहित तोमर और उसके भाई वीरेंद्र तोमर के खिलाफ राजधानी में मारपीट, वसूली, दुष्कर्म और हत्या जैसे लगभग दो दर्जन गंभीर अपराध दर्ज हैं। वर्ष 2013 के हत्या प्रकरण में दोनों भाइयों की रिव्यू पिटीशन भी हाईकोर्ट द्वारा खारिज की जा चुकी है। इसके अलावा सूदखोरी से जुड़ी लगातार शिकायतों के चलते रायपुर पुलिस ने दोनों के खिलाफ आठ अलग-अलग मामले दर्ज किए थे। उस दौरान दोनों आरोपी फरार हो गए थे, जिनमें से वीरेंद्र तोमर को बाद में गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि रोहित तोमर पर 5,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था। हालांकि बाद में रोहित को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिल गई थी।
अब सात साल पुराने मामले में रोहित तोमर को फिर गिरफ्तार किया गया है। कोतवाली थाना में वर्ष 2019 में उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 327, 384 और 506 के तहत मामला दर्ज था, जो मारपीट, जबरन वसूली और जान से मारने की धमकी से संबंधित था। अदालत में पेशी के दौरान लगातार अनुपस्थित रहने के कारण उसके खिलाफ स्थायी वारंट जारी किया गया था।
डीसीपी उमेश गुप्ता द्वारा वारंट की समीक्षा के बाद एसीपी दीपक मिश्रा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए रोहित तोमर को गिरफ्तार किया। वारंट की तामीली के बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से अदालत के आदेश पर पुनः जेल भेज दिया गया।
रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में अपराधियों और हिस्ट्रीशीटरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और किसी भी आरोपी को कानून से बचने का मौका नहीं दिया जाएगा।
