नक्सलियों का आत्मसमर्पण — व्यापक बदलाव की शुरुआत
panchayattantra24.-रायपुर। बस्तर आज बदलाव की नई कहानी लिख रहा है। कभी नक्सल हिंसा, टूटी सड़कों और सीमित सुविधाओं से घिरा यह इलाका अब उम्मीदों से भरा नज़र आने लगा है। सुरक्षा में सुधार, बच्चों के स्कूल लौटने की खुशी, गांवों में हर तरफ जलती बिजली की रोशनी और स्वास्थ्य सेवाओं की हर कोने तक पहुंच- इन सबने बस्तर के जीवन को धीरे-धीरे लेकिन मजबूती से बदलना शुरू कर दिया है। नक्सलवाद का खात्मा और सुरक्षा का मजबूत नेटवर्क बस्तर में अब नक्सल गतिविधियां खत्म होने के दौरे में है, जिससे सामान्य जीवन पटरी पर लौटने लगा है। सुरक्षा बलों की उपस्थिति उन गांवों में भी दिख रही है जहाँ पहले सरकारी दखल मुश्किल था। नए सुरक्षा कैंप खुलने से ग्रामीणों को सुरक्षा का अहसास मिला है। कई नक्सली आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौट रहे हैं और उनके पुनर्वास के लिए सरकार ने आर्थिक सहायता, प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए हैं। सुरक्षा-विकास का संयुक्त मॉडल बस्तर के सामाजिक ढांचे को बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
अंदरूनी इलाकों में खुले कैंप दंतेवाड़ा, नारायणपुर, सुकमा और बीजापुर के कई गांव अब सुरक्षा कैंपों से जुड़ गए हैं। उदाहरण के तौर पर, कांकेर के ताड़ोकी और नारायणपुर के अबूझमाड़ क्षेत्र में नए कैंप खुलने के बाद ग्रामीण पहली बार रात में सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। सुकमा के किस्टाराम जैसे कुख्यात नक्सली क्षेत्रों में पुलिस की “बस्तर फाइटर्स” टीम तैनात होने से हमलों में कमी आई है। कई इलाकों में नक्सलियों की धमकियों के कारण बंद रहने वाले बाजार अब नियमित रूप से लगने लगे हैं, जिससे स्थानीय व्यापार में तेजी आई है।
शिक्षा हुई सुलभ, बंद स्कूलों में फिर गूंजी बच्चों की आवाज़ संघर्ष के दौरान बंद हुए कई स्कूल अब फिर से शुरू हो गए हैं। जिन गाँवों में पहली बार बच्चे स्कूल पहुँचे, वहाँ पढ़ाई-लिखाई के माहौल ने एक नई ऊर्जा पैदा की है। नए स्कूल भवन बनाए गए हैं, शिक्षकों की नियुक्ति तेज हुई है और दूरस्थ इलाकों में आवासीय विद्यालय स्थापित किए गए हैं, जिससे आदिवासी बच्चों को बेहतर शिक्षा मिल रही है। शिक्षा का यह विस्तार बस्तर के भविष्य को नई दिशा दे रहा है।
जांगला, गंगालूर और पामेड़ में खुले स्कूल बीजापुर के जांगला, गंगालूर और पामेड़ जैसे गांवों में संघर्ष के दौरान बंद हुए प्राथमिक स्कूलों को फिर से खोला गया, जहाँ अब रोजाना 80–100 बच्चे उपस्थित रहते हैं। सुकमा के मिनपा और किस्टाराम जैसे अति-संवेदनशील गांवों में पहली बार आवासीय विद्यालय शुरू हुए हैं, जिससे आदिवासी बच्चों को बेहतर पढ़ाई का अवसर मिल रहा है। पहाड़ी गांवों में शिक्षकों की अनुपस्थिति की समस्या दूर करने के लिए मोबाइल टीचिंग यूनिट शुरू की गई, जो नियमित रूप से गांवों में जाकर क्लास ले रही है।
सड़कें बदल रहीं विकास की तस्वीर
बस्तर की कनेक्टिविटी में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। कई दूरस्थ गांव अब सड़क नेटवर्क से जुड़े हैं, जिससे एंबुलेंस, स्कूल वाहन और बाजार तक पहुंच आसान हो गई है। नए पुल, स्टेट हाईवे और ग्रामीण सड़कों ने लोगों की आवाजाही में क्रांतिकारी सुधार किया है। साथ ही, रेल परियोजनाओं पर काम तेज होने से बस्तर अब देश के बड़े शहरों से बेहतर तरीके से जुड़ने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। सड़कों से जुड़ाव ने गांवों की अर्थव्यवस्था और रोजगार के अवसरों पर भी सीधा असर डाला है। माड़ में बिछा सड़कों का जाल अंतरराज्यीय बार्डर से सटे माड़ क्षेत्र तक सड़क पहुँचने से पहले 3–4 दिन की पैदल यात्रा करने वाले ग्रामीण अब कुछ ही घंटों में जिला मुख्यालय तक पहुँच जाते हैं। दंतेवाड़ा के नकुलनार से बारसूर, और सुकमा के गोंगला से जगरगुंडा तक बनी नई सड़कों ने इलाके को सीधे जोड़ दिया है, जो पहले देश के सबसे कटे हुए क्षेत्रों में गिने जाते थे। सड़कों के तैयार होने के बाद अब पहली बार एंबुलेंस, स्कूल बस और राशन वाहन दूरस्थ गांवों तक पहुँच रहे हैं। स्वास्थ्य सुविधाओं में बड़ा सुधार, दूरस्थ इलाकों तक पहुंची सेवाएँ
