गरीब मरीज सिर्फ चादर के सहारे ही ठिठुरन भरी रात गुजारने को मजबूर

panchayattantra24.com,बिलासपुर। ठंड बढ़ने के साथ ही घरों में कंबल व रजाई निकल चुके हंै। लेकिन सिम्स व जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों को यह सुविधा अब तक नहीं मिल पाई है। ऐसे में वार्डों में भर्ती गरीब मरीज सिर्फ चादर के सहारे ही ठिठुरन भरी रात गुजारने के लिए मजबूर हैं।
सिम्स के विभिन्न् वार्डों में 750 बिस्तर हंै। ऐसे में ठंड शुरू होने के साथ ही सभी मरीजों को सरकारी कंबल देना होता है। ताकि मरीजों को ठंड न झेलनी पड़े। लेकिन इस बार ऐसा नहीं हो रहा है। ठंड बढ़ चुकी है पर मरीजों को कंबल नहीं दिया गया है। इसी तरह की स्थिति जिला अस्पताल की भी बनी हुई है। जहां भी अभी तक मरीजों को कंबल नहीं दिया जा सका है। जबकि गरीब मरीज लगातार कंबल की मांग कर रहे हैं। स्टाफ कंबल देने की बात कहकर सिर्फ खानापूर्ति करते आ रहा है। इसका खामियाजा मरीजों को झेलना पड़ रहा है।
बिलासपुर में ठंड को देखते हुए हर वार्ड में मरीजों के लिए हीटर की भी व्यवस्था की जाती है। आवश्यकता अनुसार एक वार्ड में ही तीन से चार हीटर का उपयोग होता है। लेकिन सिम्स व जिला अस्पताल के आधे से ज्यादा हीटर खराब हो चुके हैं। वहीं जो बचे हुए हैं उन्हें अभी तक स्टोर से निकाला ही नहीं गया है। ऐसे में मरीजों को हीटर के माध्यम से भी गर्मी नहीं मिल पा रही है। ऐसे में रात गुजराने के दौरान ढेरों परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
