
रायपुर । भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक 16 जून को सुबह 11 बजे भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में होगी। इसमें 6 जुलाई से शुरू हो रहे सदस्यता अभियान पर विशेष रूप से चर्चा होगी।
राष्ट्रीय कार्यसमिति के एजेंडे से अवगत कराया जाएगा। नगरीय निकाय व पंचायतों के चुनाव पर बातचीत होगी। राष्ट्रीय कार्यसमिति में राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से मिले होमवर्क व अगले तीन-चार महीनों में संगठन को जिन मुद्दों पर काम करना इसकी योजना बनाई जाएगी। राज्य में पार्टी कम से कम दस प्रतिशत सदस्यता बढ़ाएगी। बैठक में खासतौर से राज्य सरकार के कामकाज और उस पर हमलों को लेकर रणनीति बनेगी। बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विक्रम उसेंडी, राष्ट्रीय महामंत्री व प्रदेश प्रभारी डॉ. अनिल जैन, राष्ट्रीय महामंत्री सरोज पाण्डेय, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री सौदान सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, रामविचार नेताम, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय व सदस्य शामिल होंगे। प्रदेश प्रभारी डॉ. अनिल जैन सोमवार को सुबह 10 बजे नियमित विमान से रायपुर पहुंचेंगे। वे प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होंगे। जैन बैठक में शामिल होने के बाद सोमवार शाम को ही नियमित विमान से दिल्ली रवाना होंगे।
संगठन विस्तार पर चर्चा : छत्तीसगढ़ में भाजपा संगठन का अब विस्तार होगा। प्रदेश अध्यक्ष विक्रम उसेंडी की टीम में करीब एक दर्जन नए चेहरों को जगह मिलेगी। इसके साथ ही मोर्चा-प्रकोष्ठ में भी बदलाव होगा।भाजपा केंद्रीय संगठन ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में अमित शाह के कार्यकाल को चार राज्यों के विधानसभा चुनाव तक बढ़ा दिया है। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ में संगठन विस्तार पर भी केंद्रीय संगठन ने सहमति दी है। प्रदेश संगठन के महामंत्री संतोष पांडेय और उपाध्यक्ष सुनील सोनी सांसद चुने गए हैं। इसके साथ ही कई पद रिक्त हैं, जिसे भरने की सहमति मिल गई है।
भाजपा के उच्च पदस्थ सूत्रों की मानें तो विधानसभा चुनाव में हार का सामना करने वाले दिग्गज नेताओं को संगठन में जगह मिल सकती है। विधानसभा चुनाव में भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ा था और सिर्फ 15 विधायक ही जीत पाए थे।
सांसद संतोष पांडेय सदस्यता अभियान के प्रमुख बने
राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय को संगठन में अहम जिम्मेदारी दी गयी है। संतोष पांडेय को बीजेपी में शुरू होने जा रहे सदस्यता अभियान के लिए छत्तीसगढ़ का प्रभारी बनाया गया है। संतोष पांडेय के अलावे किरण देव को सह प्रभारी बनाया गया है। सदस्यता अभियान के प्रमुख बनाये गये शिवराज सिंह चौहान ने सदस्यता अभियान के संचालन को लेकर ये नियुक्ति की है। शिवराज सिंह चौहान ने 17 जून को सदस्यता अभियान को लेकर एक बैठक बुलायी है, जिसमें अभियान के स्वरूप और विस्तार को लेकर गंभीरता से चर्चा की जायेगी। इस बैठक में संतोष पांडेय के साथ-साथ किरणदेव को भी बुलाया गया है। इससे पहले सांसद संतोष पांडे को भाजपा संसदीय कमेटी में सचेतक बनाया गया था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं गृह मंत्री अमित शाह के निर्देशन में मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी संसदीय दल की कार्यकारिणी का गठन किया गया। पार्टी की ओर से जारी की गई कार्यकारिणी में पांडे को सचेतक नियुक्ति किया गया था।
