
रायपुर । छत्तीसगढ़ से राज्य सभा सांसद रामविचार नेताम ने शुक्रवार को राज्य सभा मे तारांकित प्रश्न के माध्यम से छत्तीसगढ़ में फसल बीमा योजना के विषय को उठाया. उन्होंने अपने प्रश्न में विभागीय मंत्री को जानकारी दी कि छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में किसान तो सही समय पर अपना बीमा का प्रीमियम भरते है पर जब फसल में नुकसान होता है तो इस योजना के माध्यम से होने वाला लाभ किसानों को सही समय पर नही मिल पा रहा है. जिसकी वजह से किसानों का इस महत्वकांशी योजना पर भरोसा कम हो रहा है ।
नेताम ने सरकार से सवाल किया था कि छत्तीसगढ़ में इस योजना के कार्यान्वयन में सरकार को कितनी सफलता मिली है और साथ ही इस योजना के अंतर्गत अभी तक छत्तीसगढ़ के कितने किसानों का बीमा किया गया है. जिस पर केंद्रीय राज्य मंत्री पुरषोत्तम रूपला ने जानकारी दी कि छत्तीसगढ़ में हर साल किसानों के बीमा करने में वृद्धि हुई है साथ ही उन्हें हर प्रकार की क्षति का भुगतान योजना के मापदंड अनुसार किया गया है. इसके साथ ही मंत्री ने नेताम को आश्वस्त किया है कि छत्तीसगढ़ में किसानों को होने वाले नुकसान का भुगतान सही समय पर किया जाएगा. ज्ञात हो नेताम हर सत्र में छत्तीसगढ़ से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों को उठाते रहे हैं ।